नकली खाद की बिक्री और कालाबाजारी पर रासुका लगेगा:योगी
जिला संवाददाता डॉ अजय तिवारी अयोध्या
लखनऊ – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नकली खाद बेचने और खाद की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को उच्च स्तरीय बैठक में योगी ने दो टूक कहा कि किसान को समस्या हुई तो कोई नहीं बचेगा। अफसरों को चेताया कि कोई गड़बड़ी की तो खुली विजिलेंस जांच होगी और मुख्यमंत्री कार्यालय से सीधे निगरानी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बैठक में मौजूद कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर को निर्देश दिए कि वह रोज खाद की उपलब्धता-वितरण की स्थिति की समीक्षा करें। मुख्यमंत्री कार्यालय से हर जिले पर सीधी निगरानी रखी जाएगी और खाद वितरण में गड़बड़ी स्वीकार नहीं होगी। डीएम , एडीएम और एसडीएम स्वयं खाद की दुकानों, समितियों पर छापा मारें। ओवर रेटिंग न हो, खाद समितियां तय अवधि अनुसार अनिवार्य रूप से खुली रहें। डीएपी, यूरिया-पोटाश किसानों को केवल तय सरकारी दरों पर ही उपलब्ध कराई जाए। जहां भी गड़बड़ी पाई जाए, वहां तत्काल जवाबदेही तय की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि फील्ड में तैनात अधिकारियों की गतिविधियों की निरंतर निगरानी की जाएगी। किसी स्तर पर मिलीभगत या लापरवाही सामने आती है तो खुली विजिलेंस जांच कराई जाएगी। योगी ने स्पष्ट संदेश दिया कि खाद संकट पैदा करने या कृत्रिम अभाव दिखाने की कोशिश करने वालों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है।

