प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सात जुलाई को काशीवासियों की सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं की सौगात देंगे। पीएम के हाथ मिलने वाली इन सौगातों से काशी का मान और बढ़ेगा। कारण, सूर्य नमस्कार (योग) को समर्पित नमो घाट ना सिर्फ पर्यटकों को रिझाएगा बल्कि काशी के खूबसूरत घाटों की शृंखला में एक कड़ी और जोड़ेगा। घाट काशी का पहला ऐसा घाट होगा जहां जल, थल और नभ मार्ग एक साथ जुड़ेगा। यहां से पर्यटकों को बनारस की गंगा आरती, वॉटर एडवेंचर, संध्या आरती, योग आदि देखने को मिलेगी, साथ ही गंगा का सफर आसान होगा। इसके अलावा इस घाट से ही सीएनजी नावों का संचालन होगा और पीएम मोदी 500 सीएनजी इंजनयुक्त नावों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसी घाट पर फ्लोटिंग सीएनजी स्टेशन भी बनाया गया है। वाराणसी में यह पीएम मोदी का दूसरा ड्रीम प्रोजेक्ट है। हाल ही में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर यहां भव्य आयोजन हुआ था। काशी के अर्द्धचंद्राकार घाटों की खूबसूरती में चार चांद लगाने वाले नमो घाट के फेज-1 को पीएम मोदी जनता को समर्पित करेंगे। यह घाट दुनियाभर के सैलानियों के लिए काशी में एक नया ठौर बनेगा। राजघाट से सटे नया बनकर तैयार नमो घाट पर्यटकों की सुविधाओं को खास ख्याल रखकर बनाया गया है। यहां वाहन पार्किंग से लेकर चिल्ड्रेन पार्क और सेल्फी प्वाइंट तक की व्यवस्था की गई है। काशी के अर्द्धचंद्राकार घाटों के अंतिम छोर पर स्थित खिड़किया घाट को प्रशासन ने नमो घाट के रूप में नया कलेवर दे दिया है। यहां पहले से ही 25-25 फीट के तीन स्कल्पचर स्थापित हैं और यहां आने वाले पर्यटकों के बीच सबसे पसंदीदा हैं। 35.83 करोड़ रुपये की लागत से नमो घाट के पहले चरण का काम हुआ है। यहां पर नमस्ते करते हुए तीन स्कल्पचर तैयार कराए गए हैं। पर्यटन के लिहाज से अपने आप में अनूठा है। यहां पर्यटक सुबह-ए-बनारस का नजारा देख सकेंगे। साथ ही गंगा आरती में भी शामिल हो सकेंगे। वाटर एडवेंचर स्पोर्ट्स का मजा भी ले सकेंगे। पीएम मोदी के हाथों लोकार्पित व शिलान्यास वाली परियोजनाओं से काशी के लोगों का जीवन आसान बनने के साथ आधुनिक सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा। सिगरा के डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री 590 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।

