नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत एक भव्य एवं गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के परिसर में आज युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) के तत्वावधान में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत एक भव्य एवं गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय की कुलपति महोदया उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलसचिव महोदय ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

गौरतलब है कि इस राष्ट्रव्यापी अभियान का शुभारंभ स्वयं मा० प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने वर्चुअल माध्यम से देश भर के लगभग 10,000 स्थानों को जोड़ते हुए तथा 1 करोड़ से अधिक युवाओं को संबोधित करते हुए किया। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में माय भारत वॉलंटियर्स, माय भारत एनएसएस वॉलंटियर्स एवं संस्थानों, माय भारत यूथ क्लब्स तथा देश भर के 125 से अधिक साझेदार संगठनों के युवा सदस्यों ने भागीदारी की। जौनपुर में हुआ यह कार्यक्रम इसी राष्ट्रव्यापी शृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय परिसर में उपस्थित एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवकों तथा माय भारत के वॉलंटियर्स के स्वागत के साथ हुई।

कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग में पीएचडी शोधार्थी रक्षित प्रताप सिंह ने बखूबी किया।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में कुलपति महोदया ने मंच से उपस्थित सैकड़ों छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस एवं माय भारत वॉलंटियर्स को नशा मुक्त जीवन जीने की सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई। इस प्रतिज्ञा के माध्यम से सभी उपस्थित युवाओं ने संकल्प लिया कि वे किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ का सेवन नहीं करेंगे और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे, नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देंगे, अपने परिवार, मित्रों एवं आस-पड़ोस के लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे, तथा स्वस्थ एवं सशक्त युवा शक्ति के निर्माण के लिए सदैव समर्पित रहते हुए समाज के हर व्यक्ति तक नशा-मुक्त जीवन का संदेश पहुंचाएंगे।

कुलपति महोदया ने अपने संबोधन में कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र निर्माण की सबसे बड़ी पूंजी है, और जब तक देश का युवा नशे की गिरफ्त से पूरी तरह मुक्त नहीं होगा, तब तक एक सशक्त एवं विकसित भारत का सपना साकार नहीं हो सकता। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अभियान का हिस्सा बनकर समाज में नशा मुक्ति का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

जिला युवा अधिकारी तन्मय मोहन ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान आगामी 100 सप्ताह तक निरंतर चलाया जाएगा, जिसके अंतर्गत प्रत्येक रविवार को जागरूकता रैलियों, खेल गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं विभिन्न वॉलंटियरिंग गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा लेकर सर्वाधिक युवाओं को अभियान से जोड़ने वाले उत्कृष्ट प्रतिभागियों को 50वें, 75वें एवं 100वें सप्ताह के अवसर पर विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों तथा बड़ी संख्या में उपस्थित एनसीसी, एनएसएस एवं माय भारत के वॉलंटियर्स का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *