नागरिक सुरक्षा सगंठन उत्तर प्रदेश का इंदिरा नगर में सम्पन्न हुआ एक दिवसीय फायर फायटर ट्रेनिंग कार्यक्रम
ब्यूरो चीफ लखनऊ
लखनऊ: 31 अगस्त 2025 को नागरिक सुरक्षा सगंठन उत्तर प्रदेश इंदिरा नगर द्वारा रविवार को आयोजित एक दिवसीय फायर फायटर ट्रेनिंग कार्यक्रम बड़े उत्साह और सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम का आयोजन नागरिक सुरक्षा सगंठन उ0 प्र0 के डिवीजनल वार्डन श्री सुनील यादव के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फायर फाइटर और वार्डन सम्मिलित हुए जिन्हें आग से निपटने और आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर स्टेशन मास्टर श्री शत्रुघ्न और सह उप नियंत्रक सुश्री ममता रानी ने विशेष रूप से उपस्थित रहकर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया। दोनों फायर फाइटर्स ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के समय में आगजनी जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं और ऐसे में प्रशिक्षित फायर फाइटर समाज के लिए सुरक्षा कवच का काम करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सभी फायर फाइटरों को लाल रंग का बैज पहनाया गया ताकि उनकी अलग पहचान बनी रहे। यह बैज उनके साहस और सेवा-भाव का प्रतीक माना गया। इसके साथ ही प्रत्येक फायर फाइटर को उनके नाम का आईडी कार्ड भी प्रदान किया गया जिससे प्रशिक्षण और भविष्य की गतिविधियों में उनकी पहचान और अधिक स्पष्ट और सुगम हो सके
ट्रेनिंग के दौरान प्रतिभागियों को आग बुझाने की विभिन्न तकनीकों, सिलेंडर या विद्युत जनित आग से निपटने के उपाय, दमकल उपकरणों के सही उपयोग और त्वरित कार्रवाई के तरीकों की जानकारी दी गई। साथ ही मॉक ड्रिल आयोजित कर वास्तविक परिस्थिति में आग से बचाव एवं राहत कार्य का अभ्यास भी कराया गया।
विशेष रूप से यह समझाया गया कि किसी भी आगजनी की घटना में घबराहट के बजाय धैर्य और टीमवर्क से काम करना ही सबसे बड़ी कुंजी है।
कार्यक्रम में समाज के कई वरिष्ठजन और जिम्मेदार नागरिक भी मौजूद रहे। इनमें प्रमुख रूप से श्री राजेंद्र प्रसाद,श्री के. आर. पाल,श्री आर. चंद्रा,श्री सदानंद शर्मा,श्री मोहम्मद मुस्कीम,श्री महेश वाल्मीकि,श्री श्रीचंद्र शुक्ला,श्री अनिल कुमार त्रिपाठी,श्री शरद मेहरोत्रा,—- माया सिंह आदि शामिल रहे। इन सभी ने प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए इसे समय की जरूरत बताया और कहा कि इससे फायर फाइटर और वार्डनों का आत्मविश्वास बढ़ेगा।
नागरिक सुरक्षा सगंठन उ0 प्र0 इंदिरा नगर के डिवीजनल वार्डन श्री सुनील यादव ने कहा कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल आग बुझाने की तकनीक सिखाना नहीं है बल्कि प्रतिभागियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना और तत्परता भी विकसित करना है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई और प्रशिक्षित मानवबल ही नुकसान को कम करने में सबसे बड़ी भूमिका निभाता है।
फायर फाइटरों को पहचान और सम्मान देने के उद्देश्य से लाल बैज और आईडी कार्ड का वितरण एक अभिनव पहल थी। यह न केवल उनकी जिम्मेदारी का बोध कराता है बल्कि समाज में उन्हें विशेष पहचान भी दिलाता है।
प्रशिक्षण में सम्मिलित हुए प्रतिभागियों ने बताया कि यह कार्यक्रम बेहद उपयोगी रहा। आग से जुड़े कई व्यावहारिक उपाय, जो आमतौर पर किताबों में पढ़ने को मिलते हैं, उन्हें प्रत्यक्ष रूप से देखने और करने का अवसर मिला।
कई फायर फाइटरों ने कहा कि इस तरह का प्रशिक्षण समय-समय पर आयोजित होता रहे तो नागरिक सुरक्षा तंत्र और अधिक मजबूत होगा और आम नागरिकों को भी सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
कार्यक्रम के अंत में नागरिक सुरक्षा सगंठन उ0 प्र0 इंदिरा नगर ने यह आश्वासन दिया कि आगे भी इस तरह के प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। साथ ही विद्यालयों, कॉलोनियों और बाजारों में छोटे-छोटे जागरूकता अभियान चलाकर आम लोगों को भी प्राथमिक अग्निशमन के बारे में जानकारी दी जाएगी।
यह एक दिवसीय फायर फाइटर ट्रेनिंग कार्यक्रम नागरिक सुरक्षा संगठन इंदिरा नगर की ओर से समाज के लिए एक सराहनीय पहल रही। इससे न केवल फायर फाइटर और वार्डनों की दक्षता में वृद्धि हुई बल्कि उन्हें पहचान और सम्मान भी मिला। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि आग और आपदा जैसी परिस्थितियों से निपटने में केवल उपकरण ही नहीं बल्कि प्रशिक्षित और सजग मानवबल ही सबसे अहम होता है।

