नेहरू पार्क को मिनी सफारी के रूप में विकसित करने की योजना
लगभग 30 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में विस्तृत पार्क को मिनी सफारी के रूप में होता विकसित
प्रयागराज। प्रयागराज में पर्यटन एवं मनोरंजन गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय नागरिकों एवं यहां आने वाले पर्यटकों को बेहतर मनोरंजन सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नेहरू पार्क को मिनी सफारी के रूप में विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंडलायुक्त डॉ. लोकेश एम. ने डिप्टी जीओसी, पूर्वा यूपी-एमपी सब एरिया, ब्रिगेडियर नवनीत डगर, नगर आयुक्त श्री साईं तेजा, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री ऋषिराज, डीईओ, कैंट बोर्ड एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ नेहरू पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने पार्क के प्राकृतिक स्वरूप, भू-आकृति एवं उपलब्ध क्षेत्रफल का जायजा लेते हुए इसके विकास की संभावनाओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। लगभग 30 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में विस्तृत इस पार्क को मिनी सफारी के रूप में विकसित करने पर सहमति बनी। प्रस्तावित योजना के अंतर्गत पार्क का उपयोग केवल सफारी के उद्देश्य से किया जाएगा। इसके लिए प्रवेश प्लाजा एवं मड ट्रैक विकसित किए जाएंगे। साथ ही, हिरण एवं पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों को यहाँ लाने की योजना है। बच्चों के ज्ञानवर्धन तथा प्रकृति एवं वन्यजीवों के प्रति उनकी समझ विकसित करने के लिए शैक्षिक प्रदर्शनी एवं अन्य ज्ञानवर्धक प्रदर्श भी स्थापित किए जाएंगे। इन सभी कार्यों की विस्तृत रूपरेखा डीपीआर में निर्धारित की जाएगी।
परियोजना को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए पार्क का ड्रोन के माध्यम से स्थलाकृतिक सर्वेक्षण कराया जाएगा। इसके आधार पर सेना एवं प्रयागराज विकास प्राधिकरण के मध्य संयुक्त समझौता ज्ञापन (एमओयू) तैयार किया जाएगा। इसमें दोनों संस्थाओं की भूमिका, उत्तरदायित्व एवं कार्यों से संबंधित शर्तें आपसी समन्वय से निर्धारित की जाएंगी।

