नोएडा इंडोर स्टेडियम में वॉलीबॉल चैंपियंस लीग का शानदार आगाज, सोनू सूद की मौजूदगी में एम्पीरिया मराठाज और तमिल टाइटंस ने दर्ज की जीत

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा, 6 अक्टूबर। नोएडा इंडोर स्टेडियम में वॉलीबॉल चैंपियंस लीग का भव्य आगाज हुआ। उद्घाटन दिवस पर दर्शकों को रोमांचक मुकाबलों के साथ खेल और मनोरंजन का शानदार संगम देखने को मिला। बॉलीवुड अभिनेता एवं मुख्य अतिथि सोनू सूद ने भी कार्यक्रम में शिरकत की और लीग के आयोजन की सराहना करते हुए इसे युवा एवं अनुभवी खिलाड़ियों के लिए प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच बताया।
सोनू सूद ने कहा कि इस लीग की शुरुआत के लिए सभी आयोजक बधाई के पात्र हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि वॉलीबॉल चैंपियंस लीग देश में इस खेल को नई पहचान दिलाने के साथ खिलाड़ियों को बड़े स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का आत्मविश्वास प्रदान करेगी।
उद्घाटन समारोह में एशियन गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट अर्जुन देसवाल, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी रोहित बालियान, वॉलीबॉल चैंपियंस लीग के फाउंडर धीरज मंजेरी और फाउंडर कुलवंत बालियान समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
उद्घाटन दिवस के पहले मुकाबले में एम्पीरिया मराठाज ने पंजाब एयरोस्ट्राइकर्स को 2-1 से शिकस्त देकर विजयी शुरुआत की। एम्पीरिया मराठाज ने शुरुआती दोनों सेट 21-17, 21-17 से जीतकर मुकाबले पर मजबूत पकड़ बनाई। हालांकि पंजाब एयरोस्ट्राइकर्स ने तीसरे सेट में जोरदार वापसी की, लेकिन निर्णायक क्षणों में एम्पीरिया मराठाज ने संयम बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। शानदार प्रदर्शन के लिए जतिन पाडवाल को प्लेयर ऑफ द मैच और शुभम चौधरी को इम्पैक्ट प्लेयर चुना गया।
दिन के दूसरे मुकाबले में तमिल टाइटंस ने हरियाणा हरिकेंस को 2-1 से हराकर जीत दर्ज की। तमिल टाइटंस ने पहले दो सेट 21-14 और 21-17 से जीतकर मुकाबले में बढ़त बना ली। इसके बाद हरियाणा हरिकेंस ने तीसरे सेट में जोरदार वापसी करते हुए 21-20 से जीत हासिल की, लेकिन तमिल टाइटंस ने दबाव के बीच अपनी बढ़त कायम रखी और मुकाबला 2-1 से अपने नाम कर लिया। तनीश चौधरी को प्लेयर ऑफ द मैच, जबकि अंगामुथु रामास्वामी को इम्पैक्ट प्लेयर चुना गया।
पहले दिन की दोनों जीत के साथ एम्पीरिया मराठाज और तमिल टाइटंस ने वॉलीबॉल चैंपियंस लीग में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। नोएडा इंडोर स्टेडियम में खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन और दर्शकों के उत्साह ने लीग के आगे के मुकाबलों के लिए रोमांच बढ़ा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *