नोएडा के ममूरा गांव में इलेक्ट्रिक स्कूटर में स्पार्किंग से लगी भीषण आग, दो लोगों की हुई मौत, 95 से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर बचाया गया

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा / नोएडा के सेक्टर-66 स्थित ममूरा गांव में बुधवार को एक रिहायशी इमारत की पार्किंग में चार्जिंग पर लगे इलेक्ट्रिक स्कूटर (ईवी) में स्पार्किंग होने से भीषण आग लग गई। आग तेजी से पास में खड़े अन्य वाहनों तक फैल गई, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दमकल और पुलिस की संयुक्त टीम ने 95 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा के अनुसार, चार्जिंग के दौरान प्लग-इन इलेक्ट्रिक स्कूटर में स्पार्किंग हुई, जिसके बाद वाहन में आग लग गई। देखते ही देखते आग पास में खड़ी अन्य गाड़ियों तक फैल गई। आग से उठे घने धुएं ने इमारत की ऊपरी मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई फ्लैटों में धुआं भर गया और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा।
घटना का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा पूरे मामले की निगरानी करते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए हैं।
फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *