पत्नी के ससुराल में मृत मिलने के मामले में दीवान पर एफआईआर

पत्नी के ससुराल में मृत मिलने के मामले में दीवान पर एफआईआर
भाई ने लगाया ससुराल वालों पर टॉर्चर करने का आरोप
प्रयागराज। प्रयागराज के पूरामुफ्ती में दीवान की पत्नी की शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मृतका का पति वर्तमान में गोरखपुर पीटीसी में तैनात है। परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने फिलहाल गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी रोड, मनौरी चौराहा निवासी हरिशंकर पांडेय पुलिस विभाग में दीवान है। उसका विवाह अनुज कुमार तिवारी निवासी सड़वा कला, टीएसएल नैनी की बहन माया से हुआ था। माया शनिवार सुबह अपने घर में मृत पाई गई। अनुज द्वारा पूरामुफ्ती थाने में दी तहरीर में बताया कि उनकी बहन माया पांडेय की शादी करीब 19 वर्ष पहले हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज को लेकर बहन के साथ मारपीट की जाने लगी। तहरीर में हरिशंकर पांडेय, उनके पिता अवध नारायण पांडेय और भाई अनिल पांडेय व विपिन पांडेय पर लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।
भाई ने पुलिस को बताया कि करीब 10 वर्ष पहले भी माया को जहर देकर जान से मारने का प्रयास किया गया था। उसे इलाज के लिए जीवन ज्योति अस्पताल ले जाया गया था। वहां डॉक्टरों ने सल्फास की गोली खिलाए जाने की बात बताई थी। आरोप है कि इस घटना के बाद माया ने पुलिस से शिकायत भी की थी, लेकिन उसके पति के पुलिस विभाग में होने के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि हरिशंकर पांडेय अपनी पहुंच का हवाला देते हुए माया को धमकाते थे। बाद में परिवार और रिश्तेदारों के हस्तक्षेप से मामला शांत हो गया था। परिजनों का दावा है कि इसके बावजूद माया के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा।
भाई अनुज के मुताबिक 27 अगस्त की रात करीब 9:27 बजे माया ने उनकी पत्नी को फोन किया था। फोन पर वह लगातार रो रही थी। उसने बताया कि ससुराल के लोग उसे शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान कर रहे हैं और उसे डर है कि किसी भी समय उसकी हत्या कर दी जाएगी। इसी दौरान फोन कट गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *