पुष्पक विमान से आया रावण, हनुमान ने जलाई रावण की लंका

 

पुष्पक विमान से आया रावण, हनुमान ने जलाई रावण की लंका

ऐतिहासिक रामलीला में उमड़ा जनसैलाब, रावण की सेना और हनुमान की लीला ने दर्शकों को किया रोमांचित

बाराबंकी। जनपद की ऐतिहासिक रामलीला में रविवार को रावण की भव्य शोभायात्रा से लेकर लंका दहन तक के प्रसंगों का सजीव मंचन किया गया। रावण का विशाल काफिला और पुष्पक विमान देखने के लिए सड़कों से लेकर घरों की छतों तक दर्शकों की भीड़ उमड़ी रही। रावण के गर्जनयुक्त अट्टहास और उसकी विशाल सेना ने नगरवासियों को रोमांचित कर दिया। लीला में संपाती के प्रसंग के बाद प्रभु श्रीराम माता सीता की खोज के लिए हनुमान जी को अपनी मुद्रिका देकर लंका भेजते हैं। अशोक वाटिका में माता सीता को मुद्रिका दिखाकर हनुमान जी अपना परिचय देते हैं और उनका आशीर्वाद प्राप्त करते हैं। इसके बाद वाटिका के वृक्षों को उजाड़ने और अक्षय कुमार का वध करने पर रावण क्रोधित हो उठता है। मेघनाथ हनुमान जी को नागपाश में बांधकर रावण के दरबार में ले आता है। रावण के आदेश पर हनुमान जी की पूंछ में आग लगाई जाती है। इसके बाद हनुमान जी विशाल स्वरूप धारण कर स्वर्ण लंका को आग के हवाले कर देते हैं। लंका दहन के दौरान रामलीला मैदान ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गूंज उठा। मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा और लोगों ने पूरे उत्साह से लीला का आनंद लिया। रावण की भूमिका अमर सिंह, अक्षय कुमार की भूमिका अभिषेक मिश्रा और हनुमान जी की भूमिका राजीव पाठक ने निभाई। लीला व्यास पंडित प्रमोद पाठक की चौपाइयों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अंकित गुप्ता गोलू और शोभित की टीम ने वानर सेना का आकर्षक स्वरूप तैयार किया। लंका का निर्माण राजेश वर्मा, राकेश वर्मा और उनकी टीम ने किया। रामलीला समिति ने पुलिस-प्रशासन की मुस्तैद सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की। इस दौरान अनिल अग्रवाल, रामलखन, शिवकुमार, राजकुमार वर्मा, सरदार भूपेंद्र सिंह, राजेश कृष्णा, राजू पटेल, संतोष सिंह, रामकुमार वर्मा, विनय सिंह और विक्रम सिंह सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *