पेंशनर जन अपनी मांगों के लिए आन्दोलित होंगे
प्रयागराज। आज योगेंद्र पांडे के आवास पर युनाइटेड फोरम ऑफ़ पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन, प्रयागराज की बैठक सुशील कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई।
बैठक का संचालन योगेंद्र कुमार पांडे ने किया। सत्येंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि जिन विभागों के पेंशनरों को अभी तक सातवें वेतन आयोग का लाभ नहीं मिल पाया है, उन्हें आठवें वेतन आयोग के प्रतिवेदन आने के पूर्व इसका लाभ अवश्य ही दे दिया जाए। राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि हमें अपनी एकता को और मजबूत करना चाहिए तथा आउटसोर्सिंग तुरंत खत्म की जाए और वैलिडेशन एक्ट वापस लिया जाए।
इस अवसर पर रामकिशोर, राजेश यादव, योगेंद्र पांडे, प्रकाश कुमार, उदय चंद सोनकर एवं रामलाल चाचा
ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
सुशील कुमार श्रीवास्तव ने अपने अध्यक्षीय भाषण में आठवें वेतन आयोग के टी.ओ.आर.में पेंशनर शब्द जोड़े जाने के डी. एस. नाकरा के ऐतिहासिक फैसले को कायम रखने पर, मांगे पूरी न होने पर, वर्तमान सरकार के विरोध पर बल दिया।
10 सितंबर को घोषित हो सकता है सम्मिलित कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर-III का अंतिम चयन परिणाम
प्रयागराज। सम्मिलित कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर-III का अंतिम चयन परिणाम” का परिणाम 10 सितंबर 2026 तक घोषित होने की संभावना है ।उत्तर प्रदेश अधीनस्थ चयन आयोग की तरफ से इसे लेकर दी गई जानकारी मे स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा के परिणाम जारी करने की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण मे है जिसे 10 सितंबर के पहले पूरा कर लिया जाएगा । आयोग ने इसे लेकर अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे इस संबंध में शांतिपूर्ण एवं संयमित वातावरण बनाए रखें तथा किसी भी अपुष्ट सूचना, अफवाह अथवा सोशल मीडिया पर प्रसारित अप्रमाणित संदेशों पर विश्वास न करें। परीक्षा, परिणाम एवं चयन प्रक्रिया से संबंधित समस्त सूचनाएँ आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमानुसार प्रकाशित की जाएंगी। अतः अभ्यर्थी केवल आयोग की अधिकृत वेबसाइट एवं आधिकारिक माध्यमों से प्रसारित सूचनाओं को ही प्रामाणिक मानें तथा किसी अन्य स्रोत से प्राप्त जानकारी के आधार पर भ्रमित न हों।
गौरतलब है कि विज्ञापन संख्या 08-परीक्षा/2023 के अंतर्गत सम्मिलित कनिष्ठ सहायक, कनिष्ठ लिपिक एवं सहायक स्तर-III के वर्तमान में कुल रिक्त 5369 पदों पर लिखित परीक्षा दिनांक 29 जून 2025 को 2,43,981 अभ्यर्थियों के लिए आयोजित की गई। लिखित परीक्षा की प्रोविजनल उत्तर-कुंजी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर दिनांक 03 जुलाई 2025 को अपलोड की गई तथा अभ्यर्थियों को उक्त उत्तर-कुंजी के संबंध में अपनी आपत्तियाँ दर्ज कराने हेतु सूचित किया गया। प्रोविजनल उत्तर-कुंजी के संबंध में प्राप्त आपत्तियों के निराकरण हेतु विषय-विशेषज्ञों (Subject Matter Experts-SMEs) की रिपोर्ट दिनांक 21 जुलाई 2025 को आयोग को उपलब्ध कराई गई। इसके उपरांत लिखित परीक्षा की अंतिम उत्तर-कुंजी दिनांक 30 अगस्त 2025 को अभ्यर्थियों के अवलोकनार्थ आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की गई। लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर टंकण परीक्षा हेतु अर्ह कुल 90,336 अभ्यर्थियों का परिणाम एवं कटऑफ अंक दिनांक 08 अक्टूबर 2025 को आयोग की वेबसाइट पर प्रकाशित किए गए। अर्ह अभ्यर्थियों की टंकण परीक्षा दिनांक 23 नवंबर 2025 से 17 दिसंबर 2025 तक आयोजित की गई। टंकण परीक्षा के उपरांत कुल 26,570 अभ्यर्थियों से संबंधित अभिलेख परीक्षण हेतु 06 जून तक आयोग स्तर से प्राप्त
किये गए।

