प्लेसमेंट ड्राइव में 10 विद्यार्थियों का चयन

प्लेसमेंट ड्राइव में 10 विद्यार्थियों का चयन
जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के केंद्रीय ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल  द्वारा विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार एवं करियर के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नीरइन्फो सॉल्यूशंस के सहयोग से प्लेसमेंट ड्राइव एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बीसीए, एमसीए, बी.टेक सहित विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया के बाद विश्वविद्यालय के 10 विद्यार्थियों का चयन किया गया।कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने नीरइन्फो सॉल्यूशंस के निदेशक संयुक्त राज्य अमेरिका सुधांशु शेखर एवं प्रबंध साझेदार वरुण महाजन से संवाद कर विद्यार्थियों के प्रदर्शन, रोजगार की बदलती आवश्यकताओं तथा उद्योग जगत की अपेक्षाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। कंपनी प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के संचार कौशल, व्यक्तित्व विकास तथा शिक्षा और उद्योग की आवश्यकताओं के बीच के अंतर को कम करने पर विशेष जोर दिया। समापन सत्र में नीरइन्फो सॉल्यूशंस के निदेशक सुधांशु शेखर एवं वरुण महाजन ने कहा कि पूर्वांचल के विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कंपनी की ओर से भविष्य में भी विश्वविद्यालय को पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों को वर्तमान रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप तैयारी करने के महत्वपूर्ण सुझाव एवं टिप्स दिए।कंपनी प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए उनके प्रश्नों का समाधान किया तथा रोजगार एवं करियर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। प्लेसमेंट प्रक्रिया के प्रथम चरण में 8 सितंबर को अभिरुचि एवं योग्यता परीक्षण आयोजित किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के 116 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। इसके बाद 9 सितंबर को कंपनी प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को कंपनी के कार्यक्षेत्र, रोजगार के अवसरों एवं करियर की संभावनाओं की जानकारी दी। इसके पश्चात विद्यार्थियों के व्यक्तिगत साक्षात्कार आयोजित किए गए। विस्तृत चयन प्रक्रिया एवं साक्षात्कार के बाद विश्वविद्यालय के 10 विद्यार्थियों का चयन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *