निरीक्षण में तीन स्वास्थ्यकर्मी गायब मिले
जौनपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान बीसीपीएम, लैब टेक्नीशियन और एआरओ अनुपस्थित मिले। वहीं डॉ. राहुल गुप्ता भी चिकित्सालय में मौजूद नहीं थे। सीएमओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक मिली। सभी आवश्यक औषधियां भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाई गईं। प्रसव कक्ष के निरीक्षण के दौरान प्रसूता भारती भर्ती मिलीं। उन्होंने पुत्र को जन्म दिया था। इस पर सीएमओ ने संबंधित स्टाफ को निर्देश दिया कि प्रसूता का जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) के तहत मिलने वाला भुगतान निर्धारित प्रक्रिया पूरी कराते हुए जल्द से जल्द सुनिश्चित किया जाए। सीएमओ ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को निर्धारित समय पर चिकित्सालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले मरीजों को बेहतर और समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। मरीजों के उपचार और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

