बंद विद्यालयों के सामने सपा ने मनाया शिक्षक दिवस
गोप बोले- मर्जर के नाम पर बंद किए स्कूलों से बच्चों की शिक्षा प्रभावित, सरकार तत्काल खोले विद्यालय
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश में मर्जर के नाम पर बंद किए गए प्राथमिक एवं जूनियर हाईस्कूलों को लेकर समाजवादी पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बंद विद्यालयों के सामने शिक्षक दिवस मनाकर उन्हें तत्काल खोलने की मांग उठाई। दरियाबाद विधानसभा के प्राथमिक विद्यालय पूरे चुरई में जिला सचिव बिन्नू जायसवाल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने कहा कि सरकार की मर्जर नीति के चलते प्रदेश के करीब 26 हजार प्राथमिक एवं जूनियर हाईस्कूल बंद किए गए हैं। इससे लाखों बच्चों, विशेषकर च्क्। समाज के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों का बंद होना बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिसे समाजवादी पार्टी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। गोप ने कहा कि शिक्षा हर बच्चे का अधिकार है और गांव-गरीब के बच्चों के लिए सरकारी विद्यालय शिक्षा का सबसे बड़ा आधार हैं। विद्यालय बंद होने से बच्चों को दूर के स्कूलों में जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से बंद किए गए विद्यालयों को तत्काल पुनः संचालित करने की मांग की। इसी क्रम में सेक्टर प्रभारी मनोज यादव ने ग्राम पंचायत गुनवली धारूपुर के पोखई पुरवा में बंद विद्यालय के सामने कार्यक्रम आयोजित किया। जिला सचिव विनय पांडेय और विधानसभा अध्यक्ष विजय यादव ने प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर ठठहरा में शिक्षक दिवस कार्यक्रम आयोजित कर विद्यालय खोले जाने की मांग उठाई। सदर विधानसभा में विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव ने ब्लॉक बंकी के कबीरपुर तथा नगर के पीरबटावन मोहल्ले में कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को संबोधित किया। उन्होंने बंद विद्यालयों को तत्काल खोलने की मांग की। पूर्व विधान परिषद सदस्य राजेश यादव ‘राजू’ ने विकासखंडवा के ग्राम हरोड़ा और विकासखंड पनकी के ग्राम पंचायत बहादुरपुर सहित विभिन्न विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेकर सरकार से बंद स्कूलों को फिर से संचालित करने की मांग की। हैदरगढ़ विधानसभा में पूर्व विधायक राम मगन रावत ने भी बंद विद्यालयों को खोले जाने की मांग को लेकर कई स्कूलों के सामने कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रमों में पूर्व विधायक रामगोपाल रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह, कार्यक्रम संयोजक बिन्नू जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष अजय प्रताप सिंह ‘पप्पू’, चक्खन यादव, पूर्व प्रमुख संतोष वर्मा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रिशु वर्मा, विनय पांडेय, धीरज यादव, विजय यादव, अवधेश चौधरी, सावन यादव, सुरेंद्र यादव, आशुतोष वर्मा, राजकुमार रावत, लवकेश वर्मा, प्रदीप यादव, फूलचंद रावत, पर्यवेक्षक सुरेंद्र यादव, तेज बहादुर, सुरेश वर्मा, रामरूप वर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष राम सिंह यादव, दीपक यादव, ज्ञान सिंह, कुंदन सिंह, दिलीप यादव, अर्पित श्रीवास्तव, रमेश वर्मा और विजय रावत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

