नेपाल त्रासदी के पीड़ितों की मदद को सिख काउंसिल ने बढ़ाया हाथ
23 सदस्यों ने दी सहयोग राशि, खाद्य सामग्री पहुंचाने की तैयारी; बैठक में दो सदस्यों का हुआ सम्मान
बाराबंकी। नेपाल में आई त्रासदी से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए सिख काउंसिल ऑफ इंडिया ने राहत का हाथ बढ़ाया है। पीड़ित परिवारों तक खाद्य सामग्री पहुंचाने और राहत कार्य में सहयोग के लिए काउंसिल की बैठक प्रधान सरदार जसबीर सिंह बग्गा की अध्यक्षता में लाजपत नगर स्थित सरदार सुरेंद्र सिंह के आवास पर हुई। बैठक में 23 सदस्यों ने पीड़ित परिवारों की मदद के लिए सहयोग राशि दी। बैठक की शुरुआत गुरमत विचार और श्री आनंद साहिब के पाठ से हुई। इसके बाद नेपाल त्रासदी से प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने सहित दो प्रमुख एजेंडों पर सदस्यों ने विचार-विमर्श किया। सदस्यों ने जरूरतमंद परिवारों तक खाद्य सामग्री शीघ्र पहुंचाने पर जोर दिया। बैठक के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव का काउंसिल प्रधान सरदार जसबीर सिंह बग्गा, श्री गुरु सिंह सभा के पूर्व प्रधान सरदार स्वर्ण सिंह और संरक्षक सरदार अमरीक सिंह ने अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। काउंसिल के पूर्व निर्णय के अनुसार प्रत्येक बैठक में दो सदस्यों को सम्मानित करने की परंपरा के तहत मुख्य अतिथि ने सरदार सुरेंद्र सिंह और जसपाल सिंह को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सिविल डिफेंस चीफ नवीन सेठ, उपप्रधान अमरजीत सिंह कालरा, संजय मिश्रा, एडवोकेट सुरजीत सिंह, जसमीत सिंह, जितेंद्र सिंह, आर.एन. चोपड़ा, त्रिपथ सिंह, गुरमीत सिंह, आसिफ अहमद खान, बलमीत सिंह, जुबैर अंजुम खान, पत्रकार परमजीत सिंह विक्की, पंडित प्रत्यूष कांत शुक्ला, नरेंद्र सिंह, जसविंदर सिंह, कवर सिंह, भूपिंदर पाल सिंह सहित काउंसिल के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

