ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी में रविवार और सोमवार को हुई बारिश के बाद दिल्ली-सहारनपुर रोड और लोनी-गाजियाबाद रोड पर जलभराव के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गईं। खन्ना नगर से रामपार्क तक कई स्थानों पर सड़क पूरी तरह पानी में डूबी नजर आई। पानी भरने के कारण सड़क पर बने गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे थे, जिससे वाहन चालकों को हादसे का खतरा बना रहा।
दिल्ली-सहारनपुर रोड पर जलभराव के बीच एक एंबुलेंस पानी में फंस गई। एंबुलेंस को बाहर निकालने के लिए ट्रैक्टर की मदद लेनी पड़ी। ट्रैक्टर के जरिए काफी प्रयास के बाद एंबुलेंस को पानी से बाहर निकाला गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
वहीं, जलभराव के कारण बाइक सवारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी से भरी सड़क से बाइक निकाल रहे दो लोग अचानक गड्ढे में गिर गए। पानी अधिक होने के कारण गड्ढा दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। घटना कैमरे में कैद हो गई।
रामपार्क क्षेत्र के शहीदनगर रोड पर भी बारिश के बाद काफी पानी जमा हो गया। स्थानीय लोगों ने जलभराव के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
इससे पहले रविवार सुबह खन्ना नगर में बारिश के पानी के कारण एक ऑटो भी पलट गया था। हालांकि, हादसे में ऑटो सवार लोगों को चोट नहीं आई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
बारिश के बाद लोनी की सड़कों पर बने जलभराव के हालात ने क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था और सड़कों की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश होते ही कई इलाकों में जलभराव की समस्या गंभीर हो जाती है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों ने संबंधित विभाग से स्थायी समाधान की मांग की है।

