बालाजी एकेडमी में बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा

बालाजी एकेडमी में बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा

ऽ नवाचार से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, विज्ञान प्रदर्शनी में बायोप्लास्टिक,

ऽ बायो ऑयल और खराब भोजन की पहचान करने वाले मॉडल बने आकर्षण का केंद्र

फोटो-03

बाराबंकी। महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर सोमवार को बालाजी अकैडमी में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में नन्हे वैज्ञानिकों की प्रतिभा और नवाचार की झलक देखने को मिली। कक्षा पांच से आठ तक के विद्यार्थियों ने विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा बचत और आधुनिक तकनीक पर आधारित मॉडल प्रस्तुत कर अपनी वैज्ञानिक सोच का परिचय दिया। प्रदर्शनी में बायोप्लास्टिक, बायो ऑयल और खराब खाद्य पदार्थों की पहचान करने वाला स्पॉइलेज फूड डिटेक्टर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रदर्शनी का शुभारंभ बालाजी ग्रुप ऑफ स्कूल्स के प्रबंध निदेशक अंकुर माथुर, संस्थापक प्रिया माथुर एवं रविंद्र माथुर ने किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों के बनाए मॉडलों का अवलोकन किया और उनसे कार्यप्रणाली की जानकारी ली। बच्चों ने अपने प्रयोगों के माध्यम से दैनिक जीवन की समस्याओं के वैज्ञानिक समाधान प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी में अरीबा और अर्पित ने बायोप्लास्टिक, रश्मि और बरीरा ने बायो ऑयल तथा गुरुवंश और रोहन ने खराब भोजन की पहचान करने वाला मॉडल प्रस्तुत किया। राधिका और अलका ने बाढ़ के पानी को उपयोगी संसाधन में बदलने, अर्णव और अल्कामा ने शैवाल आधारित एयर प्यूरीफायर तथा मरियम ने कचरे से बिजली उत्पादन की अवधारणा पर मॉडल तैयार किया। इसी क्रम में रूही और आराध्य ने फसल सुरक्षा, अन्वेषा और सौम्या ने इस्तेमाल किए गए पानी के पुनर्चक्रण तथा आरिका और हादिया ने वायुमंडल से पानी प्राप्त करने की तकनीक को प्रदर्शित किया। देवांश और दीपाली ने मानसून के दौरान सुरक्षा एवं बिजली रिसाव की पहचान, जबकि अर्श और अनुराधा ने स्मार्ट ग्रीन साइकिल एवं शैवाल से जैव ईंधन तैयार करने से संबंधित मॉडल प्रस्तुत किए। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने वायुमंडल की परतों, दिन-रात की प्रक्रिया, तितली के जीवनचक्र, खाद्य शृंखला, जलचक्र, परमाणु संरचना, प्रकाश के विक्षेपण, चंद्रमा की कलाओं, पाचन तंत्र, डीएनए संरचना, प्रकाश संश्लेषण, हाइड्रोलिक क्रेन तथा वायुमंडलीय दबाव जैसे विषयों पर भी आकर्षक मॉडल प्रदर्शित किए। प्रदर्शनी में वैज्ञानिक प्रयोगों के साथ पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर रहा। विद्यार्थियों ने अपने मॉडलों के माध्यम से प्लास्टिक के विकल्प, कचरा प्रबंधन, जल संरक्षण, स्वच्छ ऊर्जा और प्रदूषण नियंत्रण की आवश्यकता समझाई। साथ ही प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने का संदेश देकर पर्यावरण के प्रति जागरूकता का परिचय दिया। इस अवसर पर बालाजी का बचपन की प्रधानाचार्या सविता कौर, उप प्रधानाचार्या अल्पना कौर, बालाजी अकैडमी की प्रधानाचार्या अना खान, पीयूष मौर्य, अहमर शहबाज, समन सिद्दीकी, नारायणी श्रीवास्तव सहित बालाजी पब्लिक स्कूल के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *