बिजनौर पुलिस ने तमंचा और कारतूस के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार
लखनऊ (आरएनएस )। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजनौर थाना पुलिस ने अवैध तमंचा लेकर घूम रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक आनंद प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ बिजनौर चौराहे से कस्बा बिजनौर की ओर पैदल गश्त कर रहे थे। बिजनौर बाजार के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोलू होटल के सामने से नक्श सिटी जाने वाले मार्ग पर एक युवक तमंचा लेकर घूम रहा है।सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर रास्ते पर तमंचा लेकर घूम रहे युवक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।गिरफ्तार आरोपी की पहचान हुमेद उर्फ हुमैर (26) पुत्र स्वर्गीय सगीर, निवासी घसियारी मोहल्ला, कस्बा व थाना बिजनौर, लखनऊ के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना बिजनौर में मु0अ0सं0 223/2026, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को 20 अगस्त को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया।पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उसे यह तमंचा जंगल में पड़ा मिला था। इसके बाद उसने तमंचे को अपने पास रख लिया और कभी-कभी शौकिया तौर पर इसे लेकर घूमता तथा लोगों को डराता-धमकाता था।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ आशियाना, बिजनौर और सरोजनीनगर थानों में विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आनंद प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक गजय सिंह, उपनिरीक्षक प्रशान्त सिंह, उपनिरीक्षक तेजवीर सिंह, कांस्टेबल संदीप कनौजिया और कांस्टेबल दिनेश चौरसिया शामिल रहे।

