भाजपा सरकार में अन्याय, भ्रष्टाचार और महंगाई चरम पर, पीडीए के जरिए सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रहेगी: अखिलेश यादव
लखनऊ,(आरएनएस )। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सिद्धांत कभी नहीं बदलता। समाजवादी पार्टी का लक्ष्य समाजवादी विचारधारा और पीडीए आंदोलन के माध्यम से सामाजिक न्याय की स्थापना करना है और यह लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा और मुख्यमंत्री पीडीए से घबराए हुए हैं, इसलिए पीडीए की परिभाषा बदलने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीडीए का मतलब प्रेम, दया और अपनापन है। जो भी पीड़ित है, पीडीए उसके साथ है। उन्होंने कहा कि समाजवादी लोग प्रेम, दया और अपनापन के साथ लोगों को जोड़ेंगे तो समाजवादी पार्टी और मजबूत होगी तथा भविष्य में ऐतिहासिक सरकार बनेगी।उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा बच्चों के साथ सेल्फी लेने और उन्हें गोद में लेने पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के बाद मुख्यमंत्री के पास यह सब करने के लिए बहुत समय होगा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। समाजवादी सरकार बनने पर प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार किया जाएगा।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में अभिनव स्कूल बनाने की शुरुआत की गई थी और उन्हें निजी स्कूलों से बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जानबूझकर प्राथमिक स्कूलों की स्थिति खराब कर रही है, क्योंकि इनमें सबसे अधिक गरीब, पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और वंचित वर्गों के बच्चे पढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने स्कूलों का आधारभूत ढांचा बेहतर करने के साथ बच्चों को गर्म खाना, दूध और फल देने की व्यवस्था की थी। लखनऊ में एक रसोई से करीब पौने दो लाख बच्चों को गर्म भोजन मिलता था।उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी कभी गठबंधन नहीं तोड़ती। जब समाजवादी पार्टी किसी को साथ लेकर चलती है तो पूरी तरह साथ निभाती है। उन्होंने कहा कि सरकार भाजपा की है और लड़ाई भाजपा से है, इसलिए जो दल समाजवादी पार्टी को घेरने में लगे हैं, उन्हें भाजपा से लड़ना चाहिए।महंगाई को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि त्योहार नजदीक है और चीनी, मिठाई, साबुन, तेल तथा खाने-पीने की तमाम वस्तुएं महंगी हो गई हैं। पेट्रोल और डीजल के दाम भी बढ़े हैं। उन्होंने एथेनॉल मिश्रण को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि यदि इससे वास्तव में लाभ हो रहा है तो वाहन बनाने वाली कंपनियों को इसका लाभ बताने के लिए विज्ञापन देना चाहिए।अखिलेश यादव ने सरकार के प्रति व्यक्ति आय बढ़ने के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर सरकार प्रति व्यक्ति आय बढ़ने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर करीब 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को मंत्रियों और उनके आसपास के लोगों की नहीं, बल्कि उन 15 करोड़ गरीब लोगों की प्रति व्यक्ति आय बतानी चाहिए।विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगी दल सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी की डबल तैयारी है और गठबंधन मजबूत है। भाजपा घबराई हुई है, इसलिए पीडीए को लेकर लगातार चर्चा कर रही है।मेरठ में किसानों के साथ हुई कथित मारपीट का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को उनकी जाति के कारण निशाना बनाया गया और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों से इस तरह के व्यवहार की कल्पना नहीं की जा सकती।भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने प्रयागराज, लखनऊ और गोरखपुर की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में भारी बजट खर्च होने के बावजूद शहर की स्थिति खराब है और बारिश के दौरान कई इलाकों में जलभराव की समस्या बनी रहती है। लखनऊ के बंधे को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए। गोरखपुर में हर बरसात में सड़कों पर पानी भरने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो रही हैं।डेयरी संचालकों के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने सरकार से संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पारा क्षेत्र में डेयरी संचालकों को जमीन भाजपा सरकार के समय ही दी गई थी। अब उन्हीं पशुपालकों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लखनऊ में दूध की आपूर्ति करने वाले पशुपालकों को परेशान किया गया और उन्होंने दूध की आपूर्ति बंद कर दी तो शहर में नकली दूध की समस्या बढ़ सकती है।उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर डेयरी संचालकों के लिए कामधेनु योजना से बेहतर योजना लाई जाएगी, जिससे पशुओं के रखरखाव और दूध के कारोबार में पशुपालकों को लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जापानी प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात के दौरान बगास और बायोगैस संयंत्रों के बारे में जानकारी दी है और भविष्य में समाजवादी सरकार इस दिशा में काम करेगी।चीनी के दामों को लेकर भी अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर बड़े लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए फैसले लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि त्योहार के समय चीनी की मांग बढ़ने के बावजूद इसकी कीमत बढ़ाई जा रही है। विधानसभा चुनाव में गठबंधन के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी का मौजूदा गठबंधन ही कायम रहेगा और गठबंधन पूरी तरह मजबूत है।अखिलेश यादव ने दिव्यांगजनों के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर दिव्यांगजनों को पेंशन और अन्य सुविधाएं दी जाएंगी तथा मोटर से चलने वाली साइकिल भी उपलब्ध कराई जाएगी।महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने भाजपा पर वादे दोहराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब समाजवादी पार्टी ने महिलाओं को 40 हजार रुपये देने का वादा किया था, तब भाजपा ने सवाल उठाए थे कि बजट कहां से आएगा। अब भाजपा भी इसी तरह की घोषणाएं कर रही है। उन्होंने भाजपा पर चुनाव से पहले वादे करने और चुनाव के बाद उन्हें पूरा नहीं करने का आरोप लगाया।गोमूत्र खरीदने की घोषणा पर भी अखिलेश यादव ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गोमूत्र खरीदने के नाम पर लोगों को भ्रमित कर रही है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि उनके पास भी 200 लीटर गोमूत्र है, सरकार बताए कि इसे कहां बेचना है और पैसा कहां मिलेगा।अखिलेश यादव ने कहा कि बढ़ती महंगाई और किसानों को खाद की कमी जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा नहीं हो रही है। उन्होंने स्कूलों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि जो लोग सरकारी स्कूलों की वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाना चाहते हैं, उनके साथ भाजपा कार्यकर्ता मारपीट कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता को स्कूलों की वास्तविक स्थिति देखने और सवाल पूछने का पूरा अधिकार है।
भाजपा सरकार में अन्याय, भ्रष्टाचार और महंगाई चरम पर, पीडीए के जरिए सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रहेगी: अखिलेश यादव
—————

