*मतदान कार्मिकों का दूसरा प्रशिक्षण आज से शुरु होकर 17 मई तक चलेगा
अयोध्या (डीकेयू लाइव ब्यूरो) सुरेंद्र कुमार।लोकसभा चुनाव के मतदान में लगाए जाने वाले मतदान कार्मिकों को दूसरा प्रशिक्षण सोमवार से शुरू होकर 17 मई तक चलेगा। प्रशिक्षण में कार्मिक अभिलेखों की जानकारी के साथ ही ईवीएम का संचालन भी सीखेंगे। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशिक्षण साकेत महाविद्यालय में एक हाल सहित कुल 23 कमरों में दो-दो पालियों में दिया जाएगा। जिले में पांच विधानसभा क्षेत्र अयोध्या, गोसाईगंज, बीकापुर, मिल्कीपुर (सुरक्षित) और रुदौली हैं। फैजाबाद लोकसभा क्षेत्र में शामिल चार विधानसभा क्षेत्रों अयोध्या, बीकापुर, मिल्कीपुर और रुदौली में मतदान 20 को और अंबेडकरनगर में शामिल गोसाईगंज में मतदान 25 मई को होगा। लेकिन इन सभी विधानसभा क्षेत्रों में लगाए जाने वाले मतदानकार्मिकों को दूसरा प्रशिक्षण एक ही स्थान पर और एक साथ दिया जाएगा। अपर प्रभारी मतदान कार्मिक व जिला विकास अधिकारी उपेंद्र प्रसाद पाल ने बताया कि जिले में मतदान के लिए कुल 2039 पोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं। रिजर्व के कार्मिक अलग से हैं। प्रशिक्षण की तैयारी पूरी कर ली गई है।

