महापौर को महिला पार्षदों ने बांधी राखी, दीर्घायु की कामना

महापौर को महिला पार्षदों ने बांधी राखी, दीर्घायु की कामना
अयोध्या। रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर गुरुवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी के सरकारी आवास पर महिला पार्षदों ने धूमधाम से रक्षाबंधन पर्व मनाया। इस अवसर पर महापौर की पत्नी श्रीमती राजलक्ष्मी त्रिपाठी भी मौजूद रहीं। महिला पार्षदों ने महापौर को राखी बांधकर उनके दीर्घायु होने और सुखद जीवन की कामना की। महापौर ने सभी को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर मनीषा यादव, गरिमा मौर्या, अनीता द्विवेदी, गुंजा निषाद, अर्चना श्रीवास्तव, सुमन यादव, सुनीता गुप्ता, सुमन यादव, रमा उपाध्याय, कौसर, नीलम सिंह, शकुन्तला गौतम, बसंती सिंह आदि ने महापौर को राखी बांधकर पर्व की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में पार्षद रमाशंकर निषाद, भाजपा नेता अखिलेश पांडेय, निखिल श्रीवास्तव, सुनील यादव, मंसूर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।  शिवदयाल सरस्वती विद्यामंदिर की बालिकाएं महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी के तिवारी मंदिर स्थित आवास पहुंचीं। बालिकाओं ने महापौर को राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व मनाया। इस अवसर पर बालिकाओं ने राष्ट्र और अयोध्या की तरक्की की कामना की। महापौर ने सभी बालिकाओं को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।भिक्षावृत्ति छोड़ शिक्षा की ओर बढ़ रहे 28 बच्चों ने उम्मीद संस्था की अगुआई में महापौर को राखी बांधी। इस दौरान उन्होंने बच्चों को स्कूल बैग एवं स्टेशनरी सामग्री प्रदान कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया। बच्चों को उत्साहवर्धन के लिए चॉकलेट, टॉफी, मिठाई एवं फल भी वितरित किए।कार्यक्रम में अभिषेक वर्मा, राजू कुमार शर्मा एवं गुलकिशन उपस्थित रहे।

अयोध्या में दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए बनेगा आधुनिक बहुउद्देशीय खेल संकुल
-1.50 से 2 एकड़ जमीन की तलाश, बाधारहित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को मिलेगी रफ्तार
-इनडोर-आउटडोर सुविधाओं से सुसज्जित होगा दिव्यांगजन खेल परिसर
-फिजियोथेरेपी, फिटनेस से लेकर प्रशिक्षण तक की सुविधाएं एक ही छत के नीचे
अयोध्या। योगी सरकार की महत्वपूर्ण पहल के तहत अयोध्या में दिव्यांगजनों के लिए आधुनिक, बाधारहित और बहुउद्देशीय खेल संकुल का निर्माण जल्द शुरू होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के निदेशक राजेश कुमार सिंह ने जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी को पत्र लिखकर इस परियोजना के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।  विभाग का उद्देश्य दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास, शारीरिक एवं मानसिक सुदृढ़ता तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना है। राज्य, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए दिव्यांग खिलाड़ियों को तैयार करने हेतु अयोध्या में आधुनिक, समावेशी और बाधारहित खेल संकुल का निर्माण प्रस्तावित है। यह परिसर दिव्यांगजनों की विभिन्न श्रेणियों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा।  प्रस्तावित खेल संकुल में आउटडोर और इंडोर खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण व्यवस्था, फिजियोथेरेपी, फिटनेस सुविधा, खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम, सुलभ शौचालय, पार्किंग, प्रशासनिक भवन तथा अन्य आवश्यक सहायक सुविधाएं शामिल होंगी। संकुल को यूनिवर्सल एक्सेसिबिलिटी और बैरियर फ्री जोन के मानकों पर आधारित बनाया जाएगा, ताकि दिव्यांग खिलाड़ी बिना किसी बाधा के सुविधाओं का उपयोग कर सकें। यह परिसर न केवल खेल प्रशिक्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि दिव्यांगजनों के समग्र विकास का माध्यम भी साबित होगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अनुमोदित वार्षिक कार्ययोजना में जनपद अयोध्या में बाधारहित बहुउद्देशीय खेल संकुल की स्थापना का कार्य सम्मिलित किया गया है। भूमि चयन की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है। परियोजना के लिए न्यूनतम 1.50 से 2.00 एकड़ स्थान की आवश्यकता बताई गई है। भूमि नगर निगम या स्थानीय निकाय की सीमा के अंतर्गत अथवा उसके समीप होनी चाहिए। यातायात की दृष्टि से सुगम स्थान चुना जाए, ताकि दिव्यांग खिलाड़ी और उनके अभिभावक सार्वजनिक परिवहन तथा अन्य साधनों से आसानी से पहुंच सकें। भविष्य में खेल संकुल के विस्तार की संभावना भी ध्यान में रखकर भूमि चयन किया जाना चाहिए। जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी चंद्रेश त्रिपाठी ने बताया कि अयोध्या में इस तरह का आधुनिक खेल परिसर बनने से न केवल स्थानीय दिव्यांग खिलाड़ियों को नई सुविधा मिलेगी, बल्कि पूरे प्रदेश की प्रतिभाओं को राज्य से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मंच भी मिलेगा। फिजियोथेरेपी से लेकर प्रशिक्षण तक की सारी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होने से खिलाड़ियों का समय और ऊर्जा दोनों बचेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *