महापौर ने किया स्थलीय निरीक्षण, पेयजल, सड़क और बिजली से जुड़ी समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
(डाक्टर अजय तिवारी जिला संवाददाता)
अयोध्या।आवास विकास कॉलोनी में वर्षों से बनी जलभराव की समस्या के स्थाई समाधान के लिए महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान निर्णय लिया गया कि आईटीआई के सामने स्थित पुराने नाले की खोदाई कर उसकी सफाई कराई जाएगी।इसके लिए रामपथ के फुटपाथ का आवश्यक हिस्सा हटाकर नाले को चालू किया जाएगा।जिससे कॉलोनी में बरसात के दौरान होने वाले जलभराव से लोगों को राहत मिल सके।नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पाण्डेय ने बताया कि निरीक्षण में अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ, अधिशासी अभियंता राजपति यादव, सहायक अभियंता भारत सिंह वर्मा, अवर अभियंता अरुण कुमार, जलकल के सहायक अभियंता जयकुमार, जल निगम के सहायक अभियंता संजय, लोक निर्माण विभाग तथा परिवर्तन दल के अधिकारी मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान नाले पर बिजली विभाग द्वारा स्थापित 11 हजार वोल्ट लाइन के कंट्रोल पैनल को हटाने का निर्णय भी लिया गया।इसके लिए बिजली विभाग से तत्काल पत्राचार करने के निर्देश दिए गए। वहीं उदया चौराहा क्षेत्र के पास नाले की खोदाई कर उसे जालपा नाले से जोड़ने की योजना भी बनाई गई।
उन्होंने बताया कि महापौर ने वशिष्ठ कुंड स्थित राघव विहार कॉलोनी का भी निरीक्षण किया। यहां अनुपयोगी बिजली के खंभे हटाने, पेयजल पाइपलाइन से सभी घरों को अभियान चलाकर कनेक्शन देने तथा गैर-विवादित हिस्से की सड़क निर्माण के लिए संशोधित प्रस्ताव तैयार कर वित्तीय स्वीकृति लेने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने जलभराव और पेयजल संबंधी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए महापौर ने अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।

