मां की गोद हुई सूनी: रात भर सोया रहा छह साल का शनि, सुबह नहीं खुलीं आंखें
मड़िहान, मीरजापुर। जिस घर के आंगन में छह वर्षीय शनि की किलकारियां गूंज रही थीं, बुधवार की सुबह उसी घर में चीख-पुकार मच गई। मड़िहान थाना क्षेत्र के रैकरा गांव में सर्पदंश से छह वर्षीय बालक शनि पुत्र सुनील की मौत हो गई। मासूम की अचानक मौत से माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मंगलवार की शाम शनि रोज की तरह घर के पास खेल रहा था। खेलते समय ही किसी जहरीले जंतु ने उसे डस लिया, लेकिन मासूम न तो खतरे को समझ सका और न ही परिजनों को जानकारी हो सकी। परिजनों के मुताबिक शाम और रात तक उन्हें ऐसी कोई आशंका नहीं हुई कि बच्चे को सांप ने डस लिया है। रात होने पर शनि घर में सो गया। किसी ने सोचा भी नहीं था कि यह नींद परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन जाएगी। बुधवार की सुबह घर में रोज की तरह दिन की शुरुआत हुई। परिजन शनि को जगाने पहुंचे और आवाज लगाई, लेकिन मासूम ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। पहले लगा कि वह गहरी नींद में है, मगर बार-बार आवाज देने और जगाने के प्रयास के बाद भी जब शरीर में कोई हलचल नहीं हुई तो परिजनों के होश उड़ गए। बदहवास परिजन बच्चे को लेकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़िहान पहुंचे। अस्पताल पहुंचने के बाद जो खबर मिली, पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया। सीएचसी मड़िहान अधीक्षक डाक्टर राधेश्याम वर्मा जांच के बाद बालक को मृत घोषित कर दिया। यह सुनते ही परिजनों की उम्मीद भी खत्म हो गई। जिस बच्चे को गोद में लेकर परिवार अस्पताल तक दौड़ा था, उसे मृत घोषित किए जाने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।

