मां दुर्गा की प्रतिमाओं का तीन दिन होगा विसर्जन

मां दुर्गा की प्रतिमाओं का तीन दिन होगा विसर्जन

-डीजे की आवाज व नशेड़ियों की मौजूदगी को लेकर प्रशासन ने दी कड़ी चेतावनी

सोहावल-अयोध्या। रौनाही थाना क्षेत्र में सरयू नदी के तट के घाटों पर विसर्जन के लिए अब तीन दिन का समय तय किया गया है। 20,21 और 22 अक्टूबर तीनों दिन मूर्तियों का विसर्जन प्रशासन कराएगा। इस वर्ष सुचित्तागंज और मंगलसी की ओर से आने वाली मूर्तियों के विसर्जन से जुड़े माई के भक्तों को कुछ नई चुनौतियों का सामना करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग -27 पर लगभग 6 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी। इन मूर्तियों को अब सोहावल चौराहा से टोल प्लाजा रौनाही तक घूम कर सरयू तट ढ़ेमवा घाट आना पड़ेगा। हाईवे के सभी कट पहले ही बंद हो चुके हैं। इस बीच विसर्जन की तैयारी में जुटे प्रशासन की ओर से एस ओ रौनाही रतन कुमार शर्मा ने रविवार को भी थाने में माई के भक्तों की बैठक बुलाई। बैठक में उमड़ी भीड़ के साथ शांतिपूर्ण विसर्जन के लिए हर बात पर विचार विमर्श हुआ। दिशा निर्देश बताए गये। डीजे की आवाज और नशेड़ियों की मौजूदगी को लेकर प्रशासन ने कड़ी चेतावनी दी है। विसर्जन के दौरान ऐसे तत्व मिले तो विसर्जन बाद उन पर कार्रवाई जरूर होगी। इस बीच विसर्जन प्लेटफार्म से लेकर सोहावल चौराहे तक सड़क की साफ सफाई, मेंटेनेंस में सफाई कर्मियों की टीम उतार दी गई है। लोक निर्माण विभाग का रोलर चल रहा है। एस ओ ने कहा कि मंगल के कारण विसर्जन तीन दिन में होगा।क्षेत्र में सूचीबद्ध 202 मूर्तियों के विसर्जन के लिए सरयू के किनारे तीन घाटों को तैयार किया जा रहा है। सबसे ज्यादा करीब 158 मूर्तियां ढ़ेमवा घाट पर आना है। इस्माइल नगर सिहोंरा घाट पर करीब 30 मूर्तियों का विसर्जन होता है। कलाफरपुर घाट पर करीब 12 मूर्तियां विसर्जन को पहुंचती हैं। गिनती के कुछ गाँव तहसीनपुर जैसे अपनी मूर्तियों को अपने गांव के सामने बने घाटों पर ही विसर्जित करते हैं। जो कि पुलिस की विसर्जन सूची से अलग हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *