मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने दिए रैंकिंग में सुधार के निर्देश

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने दिए रैंकिंग में सुधार के निर्देश

 

जिलाधिकारी श्री सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति एवं रैंकिंग की विस्तृत समीक्षा की गई।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन योजना की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि योजनाओं की प्रतिदिन मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा कार्यों में तेजी लाते हुए रैंकिंग में सुधार लाया जाए। जिन योजनाओं में भूमि उपलब्ध नहीं हो पाई है अथवा जहां खारे पानी की शिकायत प्राप्त हुई है, उनकी तहसीलवार रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, ताकि समस्याओं का प्रभावी निराकरण कराया जा सके।

 

फैमिली आईडी योजना में खराब प्रगति पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए जिला विकास अधिकारी को प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित कर रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए गए।

 

इसके साथ ही जिलाधिकारी द्वारा पीएम सूर्य घर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, शादी अनुदान योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को समय से लाभान्वित किया जाए तथा लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

 

विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि खराब ट्रांसफार्मरों को निर्धारित समयसीमा में बदलना सुनिश्चित किया जाए तथा दैनिक विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाए रखी जाए। विद्युत तारों एवं अन्य विद्युत उपकरणों की जांच कर आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी कार्य समय से पूर्ण कराए जाएं, जिससे किसी प्रकार की जनहानि अथवा पशुहानि की घटना न होने पाए। इसके साथ ही विद्युत बिलों में होने वाली त्रुटियों का समयबद्ध निस्तारण करते हुए बिलों में सुधार सुनिश्चित किया जाए।

 

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन विभागों की रैंकिंग खराब है, वे विशेष प्रयास करते हुए अपनी प्रगति में सुधार लाएं। वहीं, जिन विभागों की रैंकिंग अच्छी है, वे अपनी उपलब्धियों को बनाए रखते हुए और बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करें। सभी विभागीय अधिकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें।

 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण यादव, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

———–

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *