युवक की सिर कूंचकर हत्या, घर से 100 मीटर दूर मिला शव
प्रयागराज। घूरपुर थाना क्षेत्र के सरंगापुर गांव में शुक्रवार रात घर से निकले 20 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह घर से करीब 100 मीटर दूर गांव के बाहर चौरा पर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घूरपुर थाना क्षेत्र के सरंगापुर हरिजन बस्ती निवासी 25 वर्षीय राहुल भारतीया पुत्र संतलाल उर्फ पोकई शुक्रवार रात करीब नौ बजे घर से बिना कुछ बताए किसी से मिलने के लिए निकला था। वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गया था।
देर रात तक घर नहीं लौटने पर स्वजन उसकी तलाश में जुटे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शनिवार सुबह गांव के बाहर चौरा पर उसका शव पड़ा मिला। उसकी सिर कूंचकर हत्या कर दी गई है।
राहुल दो भाइयों में छोटा था और नैनी स्थित सब्जी मंडी में मजदूरी करता था। वह अविवाहित था। युवक की हत्या किस कारण और किन लोगों ने की, पुलिस इसकी जांच कर रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

