रामबाग रेलवे स्टेशन से बनारस के लिए मेमू रवाना
1 नवंबर से दैनिक यात्रियों को मिलेगी राहत
प्रयागराज। रामबाग रेलवे स्टेशन से शनिवार शाम बनारस के लिए मेमू रवाना हुई। पहली नवंबर से यात्रियों को इस ट्रेन का सफर सुलभ हो सकेगा। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री नन्द गोपाल गुप्त नन्दी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी व अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
रामबाग को आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज और पूर्वांचल के रेल यात्रियों के लिए कई अहम मांगें उठाईं। साथ ही सियासी विरोधियों पर कड़ा हमला बोलते हुए उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। दावा किया कि न कांग्रेस आएगी और न ही समाजवादी पार्टी की वापसी होगी।
उप मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री के समक्ष प्रयागराज की कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए प्रमुख रेल परियोजनाओं की मांग रखी। उन्होंने मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाकर इसे सप्ताह में दो दिन के बजाय सातों दिन चलाने की आवश्यकता जताई। इसके साथ ही अहमदाबाद साप्ताहिक एक्सप्रेस को भी सप्ताह में कम से कम तीन दिन संचालित करने की मांग दोहराई। यात्रियों की सहूलियत के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने वाराणसी-प्रयागराज रामबाग रूट पर नई मेमू ट्रेनों की शुरुआत कर दी है, जिनका नियमित संचालन एक नवंबर से शुरू हो रहा है।

