रामविलास पासवान ने सामाजिक चेतना को दिया नया आयाम : योगी आदित्यनाथ

रामविलास पासवान ने सामाजिक चेतना को दिया नया आयाम : योगी आदित्यनाथ

लखनऊ ( आरएनएस )। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान जुझारू तेवर वाले जननेता थे। उन्होंने अपने संघर्ष और विचारों से सामाजिक चेतना को नया आयाम दिया। करीब पांच दशक पहले बिहार में एक ऐसे युवा नेता का उदय हुआ, जिसने दलितों और वंचितों की आवाज बनकर उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बिहार की जनता ने उन्हें व्यापक समर्थन दिया और सबसे अधिक मतों से जिताकर संसद पहुंचाया। रामविलास पासवान ने अपना जीवन सामाजिक चेतना जगाने और बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के सपनों का भारत बनाने के लिए समर्पित किया।राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की छठी पुण्यतिथि पर सुशांत गोल्फ सिटी में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में उन्हें नमन किया। मुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भजनों का श्रवण किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें सांसद के रूप में रामविलास पासवान के साथ लंबे समय तक संसद में कार्य करने का अवसर मिला। पासवान के मन में भारतीय परंपराओं के प्रति सदैव श्रद्धा और सम्मान का भाव रहता था। दलितों और वंचितों को न्याय दिलाने तथा समाज की मुख्यधारा में उन्हें सम्मानजनक स्थान दिलाने के संकल्प के साथ उन्होंने निरंतर काम किया।योगी आदित्यनाथ ने बिहार सरकार का आभार जताते हुए कहा कि वहां रामविलास पासवान की पुण्यतिथि राष्ट्रीय समारोह के रूप में आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि रामविलास पासवान ने जो कहा, उसे अपने जीवन में उतारकर दिखाया। उत्तर प्रदेश में श्रद्धांजलि सभा के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का आभार व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि बिहार की तरह उत्तर प्रदेश में भी रामविलास पासवान को पूरा सम्मान दिया जाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि रामविलास पासवान की अनुपस्थिति महसूस होती है, लेकिन संतोष की बात है कि चिराग पासवान उनके मिशन को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री के रूप में चिराग पासवान विभिन्न मंचों पर अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं और अपने पिता के विचारों को आगे बढ़ा रहे हैं।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामविलास पासवान ने बिना किसी भेदभाव के सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में केंद्रीय मंत्री के रूप में कार्य करते हुए, चुनावी जनसभाओं और अन्य अवसरों पर भी उनका सहज, स्नेहपूर्ण और सद्भावनापूर्ण व्यवहार लोगों के दिलों को छू लेता था। उनका व्यक्तित्व और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणादायी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *