राष्ट्रीय पदक विजेता रोहित यादव के माता-पिता का कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने किया सम्मान, खेल सुविधाओं को लेकर सरकार पर साधा निशाना
जौनपुर। विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जेवलिन थ्रो स्पर्धा में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर जौनपुर का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी रोहित यादव के मछलीशहर तहसील अंतर्गत पैतृक गांव अदारी डबिया पहुंचकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने उनके माता-पिता का सम्मान किया। उन्होंने रोहित के पिता सभाजीत यादव और माता पुष्पा देवी को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं पुष्प भेंट कर बधाई दी।
इस अवसर पर अजय राय ने कहा कि प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती और देश की असली प्रतिभाएं गांवों तथा किसान परिवारों से निकलती हैं। उन्होंने कहा कि रोहित यादव ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर न केवल जौनपुर बल्कि पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।
प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए अजय राय ने कहा कि खेल मंत्री के गृह जनपद जौनपुर में ही खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त खेल सुविधाओं का अभाव सरकार की विफलता का प्रमाण है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जबकि युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं मिलनी चाहिए।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर अपनी प्रतिभा को निखारें तथा देश का नाम रोशन करें। अजय राय ने राष्ट्रीय पदक विजेता रोहित यादव को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कराने का भी आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, शहर अध्यक्ष आरिफ खान, संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रेखा सिंह सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे
।

