लखनऊ। मोंटफोर्ट इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के नए सत्र की नामांकन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। इस विशेष अवसर पर 63 यूपी बटालियन एनसीसी के कमान अधिकारी कर्नल अनिल शर्मा ने विद्यालय का मुख्य रूप से दौरा किया और पूरी भर्ती प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया।
भर्ती के दौरान कर्नल अनिल शर्मा ने उपस्थित छात्रों को संबोधित करते हुए देश सेवा और अनुशासन के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने का सबसे सशक्त माध्यम है।
इससे पूर्व, कर्नल अनिल शर्मा ने मोंटफोर्ट इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रेवरेंड ब्रदर जिनू अब्राहम से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रधानाचार्य ने कर्नल शर्मा का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक के रूप में एक पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
यह पूरी भर्ती प्रक्रिया एनसीसी अधिकारी मेजर राजन सिंह परिहार के कुशल दिशा-निर्देशन में पारदर्शिता और कड़े मानकों के साथ पूरी की गई। चयन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने में बटालियन के सूबेदार मेजर अरविंद कुमार, जेसीओ बृजेंद्र चौधरी और हवलदार पुष्पेंद्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र एनसीसी में शामिल होने के लिए उत्साहित नजर आए।

