शिक्षकों, ट्रेनरों एवं कर्मचारियों के लिए वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन 

शिक्षकों, ट्रेनरों एवं कर्मचारियों के लिए वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
गोण्डा 5 सितम्बर। जन शिक्षण संस्थान/दीनदयाल शोध संस्थान, गोण्डा में संस्थान के शिक्षकों, ट्रेनरों एवं कर्मचारियों के लिए वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन सीआईइएल संस्था द्वारा किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को वित्तीय प्रबंधन, सुरक्षित निवेश, बचत, डिजिटल बैंकिंग तथा साइबर वित्तीय अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना था।
विशेषज्ञ वक्ता रजनी कान्त तिवारी ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक व्यक्ति के लिए वित्तीय रूप से जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है। सही वित्तीय योजना, नियमित बचत एवं अनुशासित निवेश न केवल व्यक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाता है, बल्कि उसके भविष्य को भी सुरक्षित करता है।
       उन्होंने सुरक्षित निवेश के विभिन्न माध्यमों, बीमा एवं पेंशन योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग की सावधानियों तथा साइबर ठगी से बचाव के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। साथ ही उन्होंने बताया कि किसी भी अनजान लिंक, फोन कॉल अथवा संदिग्ध संदेश के माध्यम से अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
      संस्थान के निदेशक जयदीप दौढीयाल ने विषय को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम उन्हें सही वित्तीय निर्णय लेने एवं डिजिटल वित्तीय जोखिमों से सुरक्षित रहने में सहायक सिद्ध होंगे।
            कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने वित्तीय प्रबंधन एवं निवेश से संबंधित विभिन्न प्रश्न भी पूछे , जिनका विस्तार से समाधान किया गया। अंत में संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के उपयोगी प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *