शिवगुलामगंज मार्केट में दोहरे के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

शिवगुलामगंज मार्केट में दोहरे के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

 

 

40 किलो दोहरा और 30 किलो सुपारी बरामद, तीन नमूने जांच के लिए लिए; युवक पुलिस के सुपुर्द

 

 

जौनपुर 11 अगस्त।शिवगुलामगंज में मिलावटी और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने शिवगुलामगंज मार्केट में दोहरे के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने मौके से करीब 40 किलोग्राम दोहरा और 30 किलोग्राम सुपारी बरामद की। दोहरे के तीन नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार जायसवाल के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विकास अग्रहरि पुत्र विनय अग्रहरि के निवास स्थान पर कार्रवाई की। जांच के दौरान बरामद दोहरा और सुपारी को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौजूद विकास अग्रहरि को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मयंक शंकर दुबे, विनोद कुमार यादव और अपराजिता तिवारी शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मिलावटी, प्रतिबंधित अथवा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वालों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई जारी रहेगी।

अभियान के दौरान मानवाधिकार आयोग, लखनऊ से रुपेश चौधरी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने भी उपभोक्ता हितों की सुरक्षा और जनजागरूकता के उद्देश्य से अधिकारियों के साथ निरीक्षण में सहयोग किया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच और निगरानी का अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों ने लोगों से भी खाद्य पदार्थों की खरीदारी करते समय उनकी गुणवत्ता और मानकों का ध्यान रखने की

अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *