श्रावण के अंतिम सोमवार को शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, गूंजा हर-हर महादेव

श्रावण के अंतिम सोमवार को शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, गूंजा हर-हर महादेव
आजमगढ़ 24 अगस्त (आर एन एस)श्रावण मास के चौथे और अंतिम सोमवार को बिलरियागंज थाना क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों एवं शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही मंदिरों में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। महिलाओं और पुरुष श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक व पूजन-अर्चन किया।जैगहां बाजार स्थित शिव मंदिर पर सुबह करीब पांच बजे से ही महिला श्रद्धालुओं का तांता लग गया। भक्तों ने भगवान शिव को जल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा, फूल एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के चलते मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा।इसी क्रम में प्राचीन शिव मंदिर पटवध कौतुक, शिव मंदिर पटवध सरैया बाजार तथा राधा-कृष्ण शिव मंदिर श्रीनगर (सियरहां) में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिरों के बाहर माला-फूल, बिल्वपत्र, भांग, धतूरा, अबीर-गुलाल सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों की दुकानें सजी रहीं। श्रद्धालुओं ने पूजन सामग्री खरीदकर विधि-विधान से बाबा भोलेनाथ का पूजन-अर्चन और जलाभिषेक किया।श्रावण मास के अंतिम सोमवार को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। कई भक्तों ने व्रत रखा और मंदिरों में पहुंचकर भगवान शिव से परिवार की सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना की।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिलरियागंज थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा दलबल के साथ क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिरों और आसपास के स्थानों पर निगरानी करते रहे। पुलिस टीम ने भीड़ को व्यवस्थित रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *