श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से भक्तिमय हुआ नोएडा, गोवर्धन पूजा और छप्पन भोग ने मोहा श्रद्धालुओं का मन

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा। सेक्टर-33 स्थित शिल्प हाट के निकट हेलीपैड ग्राउंड में भारत विकास परिषद, नोएडा की ओर से आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के पंचम दिवस श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन धारण और गोवर्धन पूजा के प्रसंगों ने कथा पंडाल को भक्तिमय बना दिया। कथा व्यास आचार्य मृदुल कांत शास्त्री जी महाराज ने श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, संस्कार और सनातन जीवन मूल्यों का संदेश दिया। इस दौरान भव्य छप्पन भोग का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन करते हुए गोवर्धन पर्वत धारण करने और इंद्र पूजा के स्थान पर गोवर्धन पूजा की परंपरा स्थापित होने का प्रसंग सुनाया गया। कथा व्यास ने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मनुष्य को सदाचार, संस्कार और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देने वाली आध्यात्मिक धरोहर है। पितृ पक्ष में भागवत श्रवण के महत्व पर भी उन्होंने प्रकाश डाला।
इससे पूर्व कथा के पिछले दिवस श्रीकृष्ण जन्म और भव्य नंदोत्सव का आयोजन हुआ था। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की घोषणा होते ही कथा पंडाल जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर जन्मोत्सव मनाया और भजन-मंगलगीतों पर भक्तिभाव में झूमते नजर आए।
कार्यक्रम में विशेष रूप से विश्वविख्यात कथावाचक पूज्य अनिरुद्धाचार्य जी महाराज का आगमन भी श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। मुख्य अतिथि अपर जनपद न्यायाधीश, जिला गाजियाबाद भारत सिंह यादव, संस्कार टीवी के सीईओ मनोज त्यागी, रोहित रिछारिया महाराज, आचार्य सतपाल जी महाराज, आचार्य संगम जी तथा पूर्व विधायक नोएडा विमला बाथम सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने कथा व्यास का माल्यार्पण एवं शॉल ओढ़ाकर अभिनंदन किया। कथा के मुख्य यजमान डॉ. वी.के. गुप्ता एवं श्रीमती रीना गुप्ता रहे।
भारत विकास परिषद, नोएडा के अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर पेयजल, पार्किंग, सुरक्षा और स्वच्छता की विशेष व्यवस्था की गई है। कथा के उपरांत प्रतिदिन भंडारा एवं प्रसाद वितरण भी किया जा रहा है।
इस अवसर पर परिषद के सचिव अखिलेश भदौरिया, कोषाध्यक्ष अक्षय पारीक, महिला सहभागिता संयोजिका सुनीता मित्तल, पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक डॉ. टी.एन. गोविल, शाखा संरक्षक प्रताप मेहता, सीए महेश बाबू गुप्ता, विपिन मल्हन, केशव गंगल, एन.के. अग्रवाल, रामरतन शर्मा, राकेश कत्याल, वीके सेठ, विकास अग्रवाल, डॉ. नरेश शर्मा, मुकुल वाजपेयी सहित परिषद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *