श्रीकृष्ण दधिकान्दो मेला राजापुर की तैयारियां तेज

श्रीकृष्ण दधिकान्दो मेला राजापुर की तैयारियां तेज
समिति ने महापौर को सौंपा 18 सूत्रीय ज्ञापन
प्रयागराज। आगामी 20 सितंबर को आयोजित होने वाले ऐतिहासिक श्रीकृष्ण दधिकांदो मेला की तैयारियों को लेकर श्रीकृष्ण दधिकांदो मेला समिति, राजापुर के पदाधिकारियों ने महापौर गणेश केसरवानी से मुलाकात कर 18 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। समिति ने मेला क्षेत्र में सड़क, बिजली, पेयजल और स्ट्रीट लाइट सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कराने की मांग की।
समिति के अध्यक्ष रतनचंद केसरवानी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने महापौर को मेला क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया। इस दौरान महापौर गणेश केसरवानी ने आश्वासन दिया कि मेले से पहले सभी आवश्यक तैयारियां प्राथमिकता के आधार पर पूरी कराई जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
समिति के महामंत्री प्रमिल केसरवानी ने बताया कि ज्ञापन में म्योर रोड, क्लाइव रोड, बड़े हनुमान मंदिर के नीचे की सड़क, सर्कुलर रोड और राजापुर से मिंटो रोड तक की जर्जर सड़कों की मरम्मत एवं डामरीकरण, स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने, गलियों और सड़क किनारों की मरम्मत, विद्युत तारों को व्यवस्थित करने, नए ट्रांसफार्मर लगाने तथा मेले के दिन ट्रैफिक पुलिस लाइन चौराहे से सर्किट हाउस चौराहे तक आठ नि:शुल्क पेयजल टैंकर उपलब्ध कराने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ पार्षद भोला तिवारी, प्रदीप श्रीवास्तव, संजीव गुप्ता, उत्तम केसरवानी, सुनील केसरवानी और मनीष केसरवानी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *