सर्वोदय विद्यालय के विद्यार्थियों ने कुश्ती, बैडमिंटन, कबड्डी और एथलेटिक्स में बनाई पहचान

सर्वोदय विद्यालय के विद्यार्थियों ने कुश्ती, बैडमिंटन, कबड्डी और एथलेटिक्स में बनाई पहचान
लखनऊ, (आरएनएस )। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सर्वोदय विद्यालयों में विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ खेलकूद गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। विद्यालयों में विद्यार्थियों को विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाने और मंडल से लेकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि कौशाम्बी के बरैसा स्थित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय के विद्यार्थियों ने कुश्ती, बैडमिंटन, कबड्डी और एथलेटिक्स में विभिन्न स्तरों पर चयन हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।विद्यालय की कक्षा 12 के जितेंद्र कुमार का कुश्ती में राज्य स्तर पर चयन हुआ है। कक्षा 11 के जितेंद्र कुमार का एथलेटिक्स में भी मंडल स्तर पर चयन हुआ है। बैडमिंटन में कक्षा 12 के अंश सिंह, कक्षा 11 के सौरभ, कक्षा 8 के दीपांशू पाल और कक्षा 8 के साहिल ने मंडल स्तर पर चयन हासिल किया है। वहीं कक्षा 12 के अनुप सिंह ने बैडमिंटन में राज्य स्तर पर अपनी जगह बनाई है।कबड्डी में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। कक्षा 9 के आयुष कुमार का राष्ट्रीय स्तर तक चयन हुआ है, जबकि कक्षा 9 के मंजीत कुमार ने राज्य स्तर पर चयन हासिल किया है। विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों से विद्यालय में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को बल मिला है।समाज कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण ने कहा कि सर्वोदय विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पढ़ाई के साथ खेलों में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और विभिन्न स्तरों पर प्रदर्शन करने के लिए आवश्यक अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का मंच भी प्रदान करते हैं। विद्यालयों में शिक्षा और खेल के बेहतर समन्वय से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *