सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा, सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 परमानंद झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित सहायक आचार्य, राजकीय (प्रा.) परीक्षा-2025 को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के संबंध में बुधवार सायं बैठक आयोजित की गई। परीक्षा 31 मई 2026 (रविवार) को जनपद के 14 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।
बैठक में परीक्षा की तैयारियों, कानून व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं एवं मजिस्ट्रेट ड्यूटी सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने परीक्षा के सफल आयोजन हेतु सभी विभाग को आपसी समन्वय एवं गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करें ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ शौचालय, सीसीटीवी कैमरा, प्रकाश व्यवस्था एवं बैठने की समुचित व्यवस्था की समीक्षा की गई। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करा ली जाएं। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए पेयजल एवं प्राथमिक उपचार की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई न हो। बैठक में तैनात मजिस्ट्रेटों को उनके दायित्वों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा अवधि के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराएं। उन्होंने परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने हेतु अधिकारियों को सजग एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, वितरण व्यवस्था, कंट्रोल रूम संचालन एवं परीक्षा केंद्रों पर निगरानी व्यवस्था के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूरी पारदर्शिता एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारीगण, क्षेत्राधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी, परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
———-
जौनपुर 27 मई, 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-02
जिलाधिकारी/अध्यक्ष जिला स्तरीय स्थायी समिति श्री सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार सायं जिला स्तरीय स्थायी समिति की बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में समिति के पदेन सदस्य पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि सीओ सिटी सहित समिति के सदस्य मीडिया प्रतिनिधिगण ने सहभागिता किया। जिलाधिकारी श्री सैमुअल पॉल एन. ने बैठक के दौरान समिति के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली एवं भावी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं तथा प्रशासन और आमजन के बीच सेतु की भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के मध्य सौहार्दपूर्ण संबंध बनाए रखने और आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत करने पर बल दिया।
बैठक में प्रेस की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने के उद्देश्य से मान्यता प्राप्त पत्रकारों के विचार एवं सुझावों को गंभीरता से सुना गया। उन्होंने समिति के सदस्यों से अनुरोध किया कि सोशल मीडिया (यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं अन्य प्लेटफॉर्म) पर प्रसारित होने वाली खबरों के संबंध में सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी समाचार अथवा जानकारी को साझा करने से पूर्व उसके तथ्यों का यथासंभव सत्यापन कर लिया जाए। भ्रामक अथवा तथ्यहीन सूचनाओं के प्रसार को रोकने में प्रशासन का सहयोग प्रदान करने का भी आग्रह किया गया। इसके अतिरिक्त ऐसे सोशल मीडिया चैनल/अकाउंट, जो बिना पंजीकरण अथवा अनुचित उद्देश्य से किसी व्यक्ति की छवि को प्रभावित करने वाली खबरें प्रसारित करते हैं, उनके संबंध में उक्त चैनल/अकाउंट को चिन्हांकन किए जाने के निर्देश भी दिए गए।
इसके साथ ही शासन एवं प्रशासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों एवं जनहितकारी अभियानों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मान्यता प्राप्त पत्रकारों के लिए हेल्थ कार्ड जारी किए जाने, वरिष्ठ पत्रकारों को पेंशन योजना का लाभ प्रदान किए जाने तथा पत्रकार कल्याण से जुड़े अन्य विषयों पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ तथा नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश जिला सूचना अधिकारी को दिए गए। इसके साथ ही मीडिया प्रतिनिधिगण द्वारा यातायात की समस्या, अतिक्रमण, सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध किए जाने सहित सहित अन्य समस्याएं उठाई गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसंचार माध्यमों के सहयोग से शासन की योजनाओं एवं नीतियों को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से जनता तक पहुँचाया जा सकता है। बैठक में स्थानीय एवं समसामयिक विषयों पर भी विचार साझा किए गए तथा जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु संवाद व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए जाने पर सहमति व्यक्त की गई।
बैठक का समन्वय जिला सूचना अधिकारी/सचिव जिला स्तरीय स्थायी समिति, जौनपुर द्वारा किया गया।
———–

