सांध्यदैनिकों के लिए (रायपुर)21 अक्टूबर को अर्बन चैलेंज फंड पर कार्यशाला, मुख्यमंत्री साय करेंगे शुभारंभ
रायपुर, 19 अक्टूबर (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में शहरी विकास, निवेश और बुनियादी ढांचे से जुड़े अवसरों पर चर्चा के लिए 21 अक्टूबर को नवा रायपुर में अर्बन चैलेंज फंड पर क्षेत्रीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और हुडको के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली इस कार्यशाला का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यशाला में अर्बन चैलेंज फंड और अर्बन इन्वेस्ट विंडो के जरिए शहरी अधोसंरचना के विकास, निवेश आकर्षित करने, परियोजनाओं के वित्तीय प्रबंधन और नवाचार आधारित विकास मॉडल पर चर्चा होगी। इसमें नीति-निर्माता, विशेषज्ञ और वरिष्ठ अधिकारी शहरों के सुनियोजित विस्तार तथा बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की रणनीतियों पर विचार-विमर्श करेंगे।
हुडको के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ उद्घाटन संबोधन देंगे, जबकि नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा मुख्य वक्तव्य प्रस्तुत करेंगे।
कार्यशाला का उद्देश्य प्रदेश के शहरों में निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार करने, शहरी अर्थव्यवस्था को गति देने और दीर्घकालिक विकास की रणनीति पर विचार करना है। इसके माध्यम से समावेशी एवं सतत शहरी विकास की संभावनाओं पर भी मंथन किया जाएगा।
०००

