*सिविल डिफेंस के स्वयंसेवकों के क्षमता निर्माण प्रशिक्षण का तृतीय बैच संपन्न*
*________________________*
*लखनऊ।* सिविल डिफेंस कोर लखनऊ द्वारा आयोजित क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का तृतीय बैच सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। इस अवसर पर विश्वजीत श्रीवास्तव (आईपीएस), पुलिस उपायुक्त, पश्चिमी जोन, लखनऊ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि विश्वजीत श्रीवास्तव (आईपीएस) ने अपने संबोधन में कहा कि सिविल डिफेंस स्वयंसेवक आपदा प्रबंधन, आपातकालीन परिस्थितियों तथा त्योहारों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को महत्वपूर्ण सहयोग देते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त स्वयंसेवकों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे अर्जित ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज एवं राष्ट्रहित में करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्परता एवं अनुशासन के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि आजकल साइबर क्राइम बहुत तेजी से बढ़ रहा है, जिससे बचने के लिए भी आप सबको प्रशिक्षण की आवश्यकता है। आजकल सामान्य मौत की अपेक्षा एक्सीडेंड से मौत अधिक हो रही है, इसके लिए भी लोगों को आपके माध्यम से जागरूक करने की आवश्यकता है।
मुख्य अतिथि के स्वागत के उपरांत चीफ वार्डेन अमरनाथ मिश्र ने कहा कि नागरिक सुरक्षा संगठन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को आपदा एवं आपात स्थितियों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी प्रशिक्षकों, अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।
उपनियंत्रक रविन्द्र कुमार ने ट्रेनीज का आह्वाहन करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण को अपने तक सीमित नहीं रखना है बल्कि अपने घर से शुरू होकर आसपास के नागरिकों तक जानकारी साझा करनी है, यदि संभव हो तो क्षेत्रीय स्कूल में संपर्क करके नागरिक सुरक्षा के प्रशिक्षण आयोजित करवाएं, जिससे पूरा समाज लाभान्वित हो।
अपर जिलाधिकारी पूर्वी महेंद्र पाल सिंह के दिशा निर्देशन में प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने में सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर मनोज वर्मा, ऋषि कुमार, ममता रानी, रेखा पांडेय, मुकेश कुमार, मनोज कुमार वर्मा, कमलेश शुक्ला, पंकज पंत, अम्बेश दुबे, अजय गुप्ता, फैसल, फरीद, समीक्षा का विशेष सहयोग रहा।

