सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम आयोजित, रंगोलियों में दिखी विकसित भारत की झलक

सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम आयोजित, रंगोलियों में दिखी विकसित भारत की झलक

 

रंगोलियों के माध्यम से साकार हुई ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना, मा० राज्यमंत्री ने की सराहना

 

सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर आयोजित हुआ ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम

 

 

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मंगलवार को तिलकधारी पी.जी. कॉलेज, जौनपुर में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम का उद्घाटन माननीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), खेल एवं युवा कल्याण, श्री गिरीश चंद्र यादव जी द्वारा फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम में माननीय राज्य मंत्री जी का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।

 

इस अवसर पर डिजिटल इंडिया, वंदे भारत, अंतरिक्ष में भारत, स्वस्थ भारत सहित विभिन्न विषयों पर आधारित आकर्षक रंगोलियाँ बनाई गईं। माननीय राज्य मंत्री जी ने इन रंगोलियों का अवलोकन किया और सराहना की।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मा0 राज्यमंत्री जी ने कहा कि रंगोलियों के माध्यम से भारत की विविधता में एकता, राष्ट्रीय एकजुटता और विकसित भारत की परिकल्पना को अत्यंत सुंदर एवं प्रतीकात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। इनमें मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया तथा देश में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को दर्शाते हुए यह संदेश दिया गया है कि ये योजनाएं देश की पहचान हैं और इनके माध्यम से समाज में खुशहाली एवं समृद्धि लाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की कल्पना को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इस प्रकार के आयोजन राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सहभागिता और जनकल्याण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

 

उन्होंने रंगोली निर्माण में योगदान देने वाले शिक्षकों और उन्हे मार्गदर्शन करने वालों तथा आवश्यक सुझाव देकर कार्यक्रम को बेहतर बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

 

मा0 राज्यमंत्री जी ने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

 

सामान्यतः जन्मदिवस को व्यक्तिगत उत्सव के रूप में मनाया जाता है, लेकिन मा0 प्रधानमंत्री जी ने इस अवसर को जनसेवा, सामाजिक कल्याण और राष्ट्रहित से जोड़कर सेवा का संदेश दिया है। अभियान के अंतर्गत रक्तदान, स्वच्छता अभियान, चिकित्सा संस्थानों एवं अस्पतालों में सेवा गतिविधियों सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहायता और जागरूकता पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसका मूल उद्देश्य सेवा को जनभागीदारी से जोड़ते हुए राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम संचालन नुपुर श्रीवास्तव के द्वारा किया गया।

 

इस दौरान जिलाध्यक्ष भाजपा मछलीशहर डा0 अजय सिंह, जिला मंत्री स्कन्द पटेल, निवर्तमान जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा श्रीमती रागिनी सिंह, मछलीशहर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती अनुपमा राय, परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण उपस्थित रहे।

 

इसी क्रम में जनपद के विभिन्न विकास खंडों में भी रंगोली कार्यक्रम आयोजित किए गए। विकासखण्ड मड़ियाहूं, बरसठी, रामपुर, खुटहन एवं मछलीशहर, रामनगर सहित समस्त विकासखडों मे ‘विकसित भारत-2047’ की थीम पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, कृषि, महिला सशक्तीकरण और समृद्ध गांव सहित विभिन्न विषयों पर आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं। कार्यक्रम के माध्यम से वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

 

इस अवसर पर बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने, महिलाओं के सम्मान एवं सशक्तीकरण तथा कुपोषण उन्मूलन के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

 

 

————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *