सोते समय बेटे पर चाकू-पत्थरों से जानलेवा हमला, पिता फरार

सोते समय बेटे पर चाकू-पत्थरों से जानलेवा हमला, पिता फरार
:-पारिवारिक विवाद में खूनी वारदात से सनसनी; गंभीर हालत में युवक लखनऊ रेफर, निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
गोण्डा 26 अगस्त। खोड़ारे थाना क्षेत्र के बनकटवा बाजार गांव में मंगलवार देर रात पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि सोते समय पिता ने अपने 22 वर्षीय बेटे तनवीर पर चाकू और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन आनन-फानन में सीएचसी बभनजोत लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। वहां से चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। परिजनों ने निजी एंबुलेंस से युवक को लखनऊ पहुंचाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
      बताया गया कि बनकटवा बाजार निवासी नसरुल्ला एलआईसी अभिकर्ता हैं। परिवार में काफी समय से विवाद चलने की बात सामने आई है। नसरुल्ला की पुत्री रेहाना खातून का आरोप है कि उनके पिता के बगल के गांव की ही एक महिला से कथित संबंध को लेकर घर में आए दिन विवाद होता था। आरोप है कि इसी वजह से परिवार में तनाव बना रहता था और पिता घर के खर्च को लेकर भी परिवार से विवाद करते थे।
         परिजनों के मुताबिक मंगलवार रात करीब 11 बजे तनवीर घर में सो रहा था। इसी दौरान उस पर कथित रूप से धारदार चाकू और पत्थरों से हमला किया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी पिता कार से मौके से फरार हो गया। घायल तनवीर की हालत देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया।
बाक्स में लगाएं-
लखनऊ में जिंदगी और मौत से जूझ रहा युवक
सीएचसी बभनजोत में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल से भी हालत चिंताजनक होने पर लखनऊ रेफर कर दिया गया। परिजनों ने तत्काल निजी एंबुलेंस से लखनऊ पहुंचाकर युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों के अनुसार तनवीर की हालत अभी भी बेहद गंभीर बनी हुई है।
बाक्स में लगाएं-
बहन ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
तनवीर की बहन रेहाना खातून ने आरोप लगाया कि उनके तीन भाई हैं और सबसे छोटे भाई तनवीर पर सोते समय हमला किया गया। उन्होंने आरोपी पिता के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बाक्स में लगाएं-
तहरीर मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा
खोड़ारे थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को है, लेकिन अभी तक तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *