स्टिंग ऑपरेशन के आधार पर टिकट बिक्री की जांच की मांग, स्वराज वाहिनी ने चुनाव आयोग को सौंपा ज्ञापन
जौनपुर। स्वराज वाहिनी एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संतोष कुमार मिश्र ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए सोशल मीडिया पर वायरल कथित स्टिंग ऑपरेशन का हवाला देते हुए चुनाव आयोग से विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा पैसे लेकर चुनावी टिकट दिए जाने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि वायरल वीडियो और ऑडियो की फोरेंसिक जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित राजनीतिक दलों और पदाधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
संतोष मिश्र ने आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कुछ राजनीतिक दल कथित रूप से करोड़ों रुपये लेकर टिकट देने का काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर वायरल स्टिंग ऑपरेशन में अपना दल (सोनेलाल) और जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) के कुछ पदाधिकारियों के कथित बयान सामने आए हैं, जिनमें टिकट के बदले धनराशि लेने की बात कही गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वायरल वीडियो में अपना दल (सोनेलाल) के चित्रकूट जिलाध्यक्ष हेमराज सिंह कथित तौर पर चित्रकूट विधानसभा सीट के लिए दो करोड़ रुपये की मांग स्वीकार करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, जनवादी पार्टी (सोशलिस्ट) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह पर भी एक वीडियो में एक करोड़ रुपये लेकर पार्टी पद और चुनावी टिकट देने की कथित बातचीत का आरोप लगाया गया है।
संतोष मिश्र ने कहा कि यदि ये वीडियो और ऑडियो प्रमाणिक साबित होते हैं, तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया तथा जनप्रतिनिधित्व अधिनियम-1951 सहित संबंधित कानूनों का गंभीर उल्लंघन होगा।
उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि वायरल वीडियो और ऑडियो की फोरेंसिक जांच कराई जाए, इसमें दिखाई दे रहे सभी व्यक्तियों और संबंधित राजनीतिक दलों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही, चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की
।

