स्पेस वीक प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन
जौनपुर। जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय मटियारी, केराकत के छात्रों ने अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आयोजित इंडिया स्पेस वीक प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को भारत अंतरिक्ष सप्ताह, नई दिल्ली के सेंट्रल जोन के नेशनल स्टेट कोआर्डिनेटर डॉ. प्रभांशु कुमार ने पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र नमन भास्कर ने पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके साथ ही विद्यालय के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाषण, चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। छात्रों ने अंतरिक्ष विज्ञान एवं उससे जुड़े विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में छात्रों ने अंतरिक्ष विज्ञान और प्रतियोगिता से जुड़े अपने विचार साझा किए। संचालन मितेश कुमार मौर्य ने किया।

