स्वामीनारायण मंदिर का 3 मंजिला अतिथि गृह ढहा
निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में समाया, अगल बगल के मकानों पर भी खतरा
प्रयागराज। जार्जटाउन थाना क्षेत्र के एम जी मार्ग पर स्थित स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला पिछला हिस्सा अचानक भरभराकर उसके पीछे खोदे गए गहरे गड्ढे में जा गिर पड़ा। हिस्सा गिरने से तेज आवाज हुई, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। आवाज सुनकर घरों और दुकानों से लोग बाहर निकल आए और मौके पर भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि मंदिर के पीछे काफी गहरा गड्डा खोदा गया था। इसी के किनारे मंदिर का पुराना हिस्सा बना हुआ था। शुक्रवार रात अचानक जमीन खिसकने लगी और देखते ही देखते तीन मंजिला हिस्सा ढहकर गड्ढे में समा गया। आशंका है कि बारिश के कारण मिट्टी का कटान होने से मंदिर के पिछले हिस्से की नींव कमजोर हुई और भवन का हिस्सा ढह गया। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
हादसा इतनी तेजी से हुआ कि आसपास के लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। तेज आवाज सुनकर लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। कुछ देर तक इलाके में अफरातफरी का माहौल रहा। मंदिर के ठीक पीछे गहरा गड्डा होने और उसके किनारे पुराने भवन के खड़े होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया।
जार्जटाउन पुलिस ने बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। जिस समय मंदिर का हिस्सा गिरा, उस वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था। उन्होंने बताया कि गड्डा कई साल पहले खोदा गया था। आशंका है कि बारिश में मिट्टी के कटान के कारण मंदिर का यह हिस्सा ढह गया।

