हरदोई गंगा एक्सप्रेसवे से फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 34.4 हेक्टेयर भूमि का क्रय किया जा चुका है- अंकित तिवारी*
*301 कृषकों के खातों में कुल 17,46,36,252 रु0 की धनराशि भेजी जा चुकी है-उपजिलाधिकारी*
*पाली-(हरदोई)* उप जिलाधिकारी सवायजपुर अंकित तिवारी ने बताया है कि हरदोई गंगा एक्सप्रेसवे से फर्रूखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण हेतु तहसील सवायजपुर के प्रभावित सात ग्रामों में भूमि क्रय की प्रक्रिया अत्यंत तेजी से पूर्ण की जा रही है। परियोजना के लिए निर्धारित कुल 52.2 हेक्टेयर भूमि में से अब तक 34.4 हेक्टेयर भूमि का क्रय किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का लगभग ’65.9 प्रतिशत है इसके अतिरिक्त, अब तक 549 कृषकों के साथ कुल 212 बैनामे संपन्न किए जा चुके हैं। शेष भूमि को 30 मई तक क्रय करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
एसडीएम अंकित तिवारी ने अवगत कराया कि प्रशासन द्वारा कृषकों के हितों को ध्यान में रखते हुए भुगतान की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जा रही है और अब तक 301 लाभार्थियों के खातों में कुल 17,46,36,252 रुपये की धनराशि भेजी जा चुकी है तथा 61 कृषकों के खातों में 5,47,04,041 रुपये के भुगतान की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, शेष कृषकों की पत्रावलियां तहसील स्तर से विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी के कार्यालय में प्रेषित की जा रही है। और आगामी 05 दिनों के भीतर शेष सभी लाभार्थियों को भुगतान सुनिश्चित कर दिया जाएगा।

