हिटमैन रोहित शर्मा के नाम से जौनपुर में क्रिकेट अकादमी, युवाओं को मिलेगा प्रोफेशनल प्रशिक्षण

हिटमैन रोहित शर्मा के नाम से जौनपुर में क्रिकेट अकादमी, युवाओं को मिलेगा प्रोफेशनल प्रशिक्षण

जौनपुर। जिले के युवा क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा के नाम से जौनपुर में क्रिकेट अकादमी शुरू होने जा रही है। फतेहगंज स्थित माउंट लिट्रा जी स्कूल में इस अकादमी की स्थापना की जा रही है, जिसका विद्यालय के साथ अनुबंध भी हो चुका है।
विद्यालय परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में निदेशक अरबिंद कुमार सिंह ने बताया कि अकादमी में आधुनिक और प्रोफेशनल क्रिकेट ट्रेनिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि भारतीय क्रिकेटर धवल कुलकर्णी बतौर सलाहकार समय-समय पर आकर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे। विद्यालय में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप क्रिकेट मैदान का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसे जून तक पूरा करने का लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर मंच प्रदान करना है। विद्यालय के छात्रों को अकादमी में निःशुल्क प्रशिक्षण मिलेगा, जबकि बाहरी खिलाड़ियों के लिए निर्धारित शुल्क देना होगा।
स्कूल की प्रिंसिपल श्वेता मिश्रा ने बताया कि विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उनका समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। निदेशक विख्यात सिंह और संरक्षक दिनेश सिंह ने कहा कि यह अकादमी जौनपुर को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी और भविष्य में यहां से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलेंगे।
कार्यक्रम में संरक्षक रमेश सिंह, मैनेजिंग डायरेक्टर कार्तिकेय सिंह व विकास सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *