“हेल्दी हैबिट्स” कार्यक्रम ने बच्चों को सिखाया स्वस्थ जीवन जीने का तरीका
ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय
लखनऊ। एसकेडी एकेडमी ने शनिवार को अपनी सभी शाखाओं में बच्चों के लिए विशेष गतिविधि का आयोजन किया जिसमे बच्चों को “हेल्दी हैबिट्स” के महत्व को समझाया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को स्वस्थ रहने के लिए अच्छी आदतों के महत्व के बारे में जागरूक करना था।
गतिविधि में विभिन्न शैक्षिक और मनोरंजक तरीके अपनाए गए। बच्चों को वर्कशीट्स दी गईं, जिन्हें उन्होंने उत्साहपूर्वक पूरा किया। साथ ही, उन्होंने स्वस्थ भोजन और व्यायाम के महत्व को दर्शाने वाले मॉडल बनाए। कार्यक्रम का एक मुख्य आकर्षण विभिन्न स्किट्स का प्रदर्शन था, जहां बच्चों ने नाट्य रूप में स्वस्थ आदतों के फायदों को बताया।
इस दौरान एसकेडी समूह के निदेशक श्री मनीष सिंह ने बच्चों का उत्साह वर्धन करते हुए अपने आशीर्वचन में कहा कि एसकेडी एकेडमी का मानना है कि समग्र विकास के लिए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों का ध्यान रखना ज़रूरी है। संस्थान हमेशा से ही बच्चो के समग्र विकास की दिशा में कार्य करता आ रहा है और आगे भी करता रहेगा।
इस अवसर पर समूह की उपनिदेशक श्रीमती निशा सिंह, सह निदेशक श्रीमती कुसुम बत्रा, सह निदेशक श्री डी के सिंह उपस्थित थे। कार्यक्रम में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और “हेल्दी हैबिट्स” के महत्व को समझा। उन्होंने स्वस्थ भोजन खाने, नियमित रूप से व्यायाम करने और पर्याप्त नींद लेने का संकल्प लिया।

