15 अप्रैल से पूर्वांचल विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं, 5 मई तक धरना-प्रदर्शन पर रोक

15 अप्रैल से पूर्वांचल विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं, 5 मई तक धरना-प्रदर्शन पर रोक

जौनपुर,09 अप्रैल । यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रशासन ने सेमेस्टर परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अहम दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय की सेमेस्टर परीक्षाएं 15 अप्रैल से शुरू होंगी, जिसके मद्देनजर परिसर में 5 मई तक किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इस संबंध में गुरुवार को जानकारी देते हुए परीक्षा नियंत्रक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान छात्रों या अन्य किसी भी व्यक्ति को परिसर में विरोध-प्रदर्शन की अनुमति नहीं होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी छात्र या संबंधित पक्ष को कोई समस्या या शिकायत है, तो वे अपनी बात लिखित रूप में परीक्षा नियंत्रक या कुलसचिव कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं, ताकि नियमानुसार उसका समाधान किया जा सके।
वहीं, परीक्षा परिणामों से संबंधित त्रुटियों के त्वरित निस्तारण के लिए छात्र सहायता प्रकोष्ठ को तत्काल प्रभाव से पुनः सक्रिय कर दिया गया है। यह प्रकोष्ठ विश्वविद्यालय परिसर स्थित प्रशासनिक भवन के भूतल पर संचालित होगा।
विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं कार्यदिवसों में प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक अपनी समस्याओं के समाधान हेतु आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे। आवेदन पत्र संबंधित महाविद्यालय के प्राचार्य से प्रमाणित एवं अग्रसारित होना अनिवार्य होगा, साथ ही आवश्यक अभिलेख संलग्न करने होंगे, ताकि मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *