2027 में रहेगा ‘सपा मुक्त’ का नारा : स्वतंत्र देव सिंह

2027 में रहेगा ‘सपा मुक्त’ का नारा : स्वतंत्र देव सिंह

 

जौनपुर, 23 मई। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शनिवार को जौनपुर में आयोजित कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा का संगठन वर्ष के 365 दिन सक्रिय रहता है। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम उसी सक्रिय संगठनात्मक व्यवस्था का हिस्सा है, जिसमें कार्यकर्ता रात्रि विश्राम भी करेंगे।

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा अन्य राजनीतिक दलों से पूरी तरह अलग है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिया गया “कांग्रेस मुक्त भारत” का नारा अब वास्तविकता में बदल चुका है। उन्होंने कहा कि देश में वंशवाद की राजनीति लगभग समाप्त हो गई है और वर्ष 2027 में “सपा मुक्त” का नारा रहेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा केवल चुनाव के समय सक्रिय नहीं होती, बल्कि पूरे वर्ष जनता के बीच रहकर काम करती है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा कानून-व्यवस्था पर उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि सपा सरकार में भर्ती के विज्ञापन निकलते ही भ्रष्टाचार के आरोप लगने लगते थे, जबकि वर्तमान सरकार ने नौ लाख नियुक्तियां पारदर्शी तरीके से की हैं और कहीं भी भ्रष्टाचार की शिकायत सामने नहीं आई है। उन्होंने किसानों के खातों में सीधे करोड़ों रुपये भेजे जाने का भी उल्लेख किया।

जल जीवन मिशन के तहत बन रही पानी की टंकियों के गिरने और भ्रष्टाचार के आरोपों पर मंत्री ने कहा कि पहले बुंदेलखंड जैसे क्षेत्रों में ट्रेन से पानी पहुंचता था और महिलाओं को दूर-दूर से पानी लाना पड़ता था, लेकिन अब घर-घर नल से जल पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भी टंकियां गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, वहां मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है और दोषियों को जेल भेजने के साथ कंपनियों को ब्लैकलिस्ट करने जैसी कार्रवाई भी की जा रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कांग्रेस नेता अजय राय द्वारा की गई कथित अभद्र टिप्पणी के सवाल पर मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने टिप्पणी करने से इनकार कर दि

या।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *