4 किरदार, एक अनोखी वाइब और कई सवाल, कुणाल खेमू की फिल्म का नया पोस्टर जारी, आज आएगा टीजर

4 किरदार, एक अनोखी वाइब और कई सवाल, कुणाल खेमू की फिल्म का नया पोस्टर जारी, आज आएगा टीजर

अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने अपनी अपकमिंग फिल्म वाइब का पोस्टर जारी किया है. यह पोस्टर कुणाल खेमू की इस हाई-स्टेक्स एक्शन कॉमेडी की एक और झलक दिखाता है और साथ ही कई सवाल भी खड़े करता है कि आखिर इस अनोखी चौकड़ी के साथ क्या होने वाला है. साथ ही बताया है कि फिल्म वाइब का टीजर किस दिन रिलीज होगा.

नए पोस्टर की बात करें तो इसमें प्रीति जिंटा एक दमदार बॉस-लेडी अवतार में नजर आ रही हैं. वहीं इसके बिल्कुल उलट कुणाल खेमू, स्पर्श श्रीवास्तव और वंशिका धीर काफी परेशान दिखाई दे रहे हैं. इससे इशारा मिल रहा है कि आखिर वे जिस मुसीबत में फंसे हैं, वह पूरी तरह से उनके हाथ से निकल चुकी है.

वाइब की कहानी दो ऐसे जिगरी दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी सीधी-सादी जिंदगी अचानक एक अनजान और हाई-एनर्जी एडवेंचर में बदल जाती है. यह सफर उनकी जान बचाने की काबिलियत और उनकी दोस्ती, दोनों की कड़ी परीक्षा लेता है.

कुणाल खेमू ने फिल्म को लिखा और डायरेक्ट किया है. वाइब को कुणाल खेमू और चिराग निहलानी ने ड्रोंगो फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है. फिल्म में कुणाल खेमू के साथ प्रीति जी जिंटा, स्पर्श श्रीवास्तव और डेब्यू कर रहीं वंशिका धीर लीड रोल में हैं. कल यानी 21 अगस्त को टीजर रिलीज होगा और इसके साथ ही फिल्म दर्शकों को एक हाई-एनर्जी एडवेंचर पर ले जाने के लिए तैयार है.अमेजन एमजीएम स्टूडियोज की फिल्म वाइब 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

बता दें, ड्रोंगो फिल्म्स एक प्रोडक्शन बैनर है, जिसे एक्टर-डायरेक्टर-राइटर कुणाल खेमू और प्रोड्यूसर चिराग निहलानी ने मिलकर शुरू किया है. यह दोनों की ईमानदार और दिलचस्प कहानियां पेश करने के जुनून से बना है. क्रिएटिविटी के साथ-साथ मजबूत और साफ तरीके से काम करने पर फोकस करते हुए ड्रोंगो फिल्म्स ऐसी नई और दिल को छू लेने वाली कहानियों को पर्दे पर लाने के लिए प्रतिबद्ध है, जो लंबे समय तक दर्शकों के दिलों में अपनी छाप छोड़ें. अब फिल्म वाइब का दर्शकों पर कितना असर पड़ेगा, यह तो 18 सितंबर को ही पता चलेगा.

००

 

विजय के बेटे जेसन संजय की फिल्म सिग्मा नई तारीख पर होगी रिलीज, इतना बढ़ा इंतजार

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय के बेटे जेसन संजय अपनी पहली निर्देशित फिल्म सिग्मा को नई तारीख पर सिनेमाघरों में लेकर आएंगे। खबर है कि फिलहाल के लिए इसे अक्टूबर तक के लिए टाल दिया गया है। पहले फिल्म की रिलीज तारीख 31 जुलाई तय हुई थी, लेकिन उसी दौरान विजय की आखिरी फिल्म जन नायकन भी रिलीज की तैयारी में थी। पिता-बेटे की फिल्मों के बीच होने वाले टकराव से बचने के लिए सिग्मा को आगे खिसका दिया गया।

जेसन संजय की फिल्म सिग्मा की नई तारीख का इंतजार फैंस काफी समय से कर रहे थे, जो अब खत्म हो गया है।

निर्माताओं ने एक पोस्टर के साथ ऐलान किया कि यह 2 अक्टूबर को गांधी जंयती के अवसर पर सिनेमाघरों में आएगी।

जेसन ने भी फिल्म का पोस्टर अपने इंस्टाग्राम पर साझा करते हुए लिखा, 2 अक्टूबर को होने वाली इस धमाकेदार फिल्म के लिए तारीख नोट कर लें। सिग्मा सिनेमाघरों में धूम मचाने के लिए तैयार है।

विजय की फिल्म जन नायकन के साथ तो सिग्मा का टकराव टल गया था, लेकिन 2 अक्टूबर को इसका सामना करने के लिए बॉलीवुड से अजय देवगन आएंगे।

दरअसल, उसी दिन उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म दृश्यम 3 रिलीज होने के लिए तैयार है।

बता दें, लाइका प्रोडक्शंस के बैनर तले निर्मित फिल्म सिग्मा में संदीप किशन मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। यह एक डकैती पर आधारित एक्शन थ्रिलर होने की उम्मीद है। इसका संगीत थमन एस ने तैयार किया है।

००

 

सेंसर बोर्ड का फिल्म निर्माताओं के लिए बड़ा फरमान, सर्टिफिकेट के बाद कांट-छांट का मौका खत्म

सिनेमैटोग्राफ नियमों में मई 2026 में किए गए संशोधन के करीब तीन महीने बाद केंद्र सरकार ने नियम 33 में एक और महत्वपूर्ण बदलाव किया है। नए प्रावधान के तहत केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से प्रमाणपत्र मिलने के बाद निर्माता अपनी फिल्म में किसी भी तरह का बदलाव, कटौती या नया दृश्य जोड़ नहीं सकेंगे।

पहले फिल्म को प्रमाणपत्र मिलने के बाद निर्माता केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड को सूचित कर आवश्यक मंजूरी लेकर फिल्म में कुछ बदलाव कर सकते थे। अब यह व्यवस्था समाप्त कर दी गई है।

सूत्रों के अनुसार, संशोधित नियम 10 अगस्त 2026 से लागू हो गया है। इसके बाद प्रमाणपत्र मिलने के बाद निर्माता फिल्म की अवधि भी कम नहीं कर सकेंगे।

यदि किसी निर्माता को प्रमाणपत्र मिलने के बाद यह लगता है कि फिल्म अधिक लंबी है और उसमें से कुछ मिनट कम किए जाने चाहिए, तो अब ऐसा करने का विकल्प उपलब्ध नहीं होगा।

पहले नियम 33 के प्रावधान का इस्तेमाल फिल्म में उपशीर्षक जोड़ने जैसे बदलावों के लिए भी किया जाता था। लेकिन नए संशोधन के बाद प्रमाणपत्र जारी होने के पश्चात ऐसे बदलाव भी नहीं किए जा सकेंगे।

सूत्रों के मुताबिक, नियम 33 कागजी तौर पर मौजूद रहेगा, लेकिन प्रमाणपत्र मिलने के बाद निर्माता इसका इस्तेमाल फिल्म में बदलाव करने के लिए नहीं कर सकेंगे।

नए नियम के बाद फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों के सामने यह स्पष्ट कर दिया गया है कि उन्हें प्रमाणन के लिए फिल्म का अंतिम संस्करण ही केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के पास प्रस्तुत करना होगा।

फिल्म की अवधि कम करने, कोई नया दृश्य जोड़ने, किसी दृश्य को हटाने या किसी अन्य तरह का फेरबदल करने का निर्णय प्रमाणन प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही करना होगा।

नियम 33 में किए गए इस बदलाव से फिल्म के प्रमाणन के बाद उसमें संशोधन की संभावना पूरी तरह समाप्त हो गई है। अब निर्माता को प्रमाणन के लिए फिल्म भेजने से पहले ही उसकी अंतिम अवधि, दृश्यों और अन्य सामग्री को लेकर सभी निर्णय लेने होंगे।

मई 2026 में सिनेमैटोग्राफ (प्रमाणन) नियमों में संशोधन कर प्रमाणन की प्राथमिकता योजना को समाप्त किया गया था। अब तीन महीने बाद नियम 33 में हुए इस बदलाव को फिल्म प्रमाणन प्रक्रिया से जुड़ा एक और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

००

 

रेंजर में अजय देवगन का बड़ा एक्शन धमाका, संजय दत्त की गैंग से होगी सीधी भिड़ंत

अजय देवगन अपनी एडवेंचर फिल्म रेंजर के बड़े क्लाइमेक्स सीन के लिए अब खुद कैमरे के पीछे आ रहे हैं। फिल्म के निर्देशक जगन शक्ति ने उनसे एक्शन सीक्वेंस का एक नया वर्जन तैयार करने को कहा है।

खबरें हैं कि एक्शन फिल्मों में अजय के लंबे अनुभव को देखते हुए ही यह फैसला लिया गया है। अब वे गोल्डन टोबैको स्टूडियो में एक्शन निर्देशक केविन कुमार के साथ मिलकर इस क्लाइमेक्स को दोबारा शूट करेंगे, ताकि यह सीन दर्शकों को वाकई प्रभावित कर सके।

फिल्म में अजय एक वन अधिकारी की भूमिका में हैं। उनका काम बाघों को शिकारियों और भ्रष्ट सरकारी कर्मचारियों से बचाना है।

नए क्लाइमेक्स में वे संजय दत्त की गैंग से भिड़ते हुए नजर आएंगे। इस एक्शन से भरपूर सीन में गाड़ियों का पीछा करना, ताबड़तोड़ गोलियां चलाना और हाथ-से-हाथ की लड़ाई जैसे कई रोमांचक पल होंगे।

इस सब के बाद, फिल्म की शूटिंग खत्म होने से पहले तमन्ना भाटिया के साथ एक खास डांस नंबर भी शूट किया जाएगा।

००

 

आवारापन 2 के आगे घुटने टेकने को मजबूर हुई बंटवारा 1947, देखें कुल कमाई

भारतीय बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त इमरान हाशमी की फिल्म आवारापन 2 गदर काट रही है। उसी के साथ सनी देओल की फिल्म बंटवारा 1947 ने प्रवेश किया, जिसकी कमाई का संघर्ष लगातार जारी है। दोनों फिल्में सिनेमाघरों में रिलीज के 6 दिन पूरे कर चुकी हैं, लेकिन इनके कलेक्शन में एक बड़ा अंतर है। जहां इमरान की फिल्म 100 करोड़ के क्लब में दाखिल हो गई, तो वहीं सनी की फिल्म 50 करोड़ कमाने से भी दूर है।

सैकनिल्क के मुताबिक, इमरान की फिल्म ने 6वें दिन 6.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया है, जो सिनेमाघरों में जारी इसकी लोकप्रियता की तरफ इशारा करता है।

फिल्म घरेलू स्तर पर अब 107.50 करोड़ रुपये कमा चुकी है और आगे के रास्ते पर निकल चुकी है।

वहीं, विश्व स्तर पर आवारापन 2 ने 153.59 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।

नितिन कक्कड़ द्वारा निर्देशित इस एक्शन-ड्रामा में दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम किरदारों में शामिल हैं।

सैकनिल्क के मुताबिक, बंटवारा 1947 ने 6वें दिन महज 1.40 करोड़ रुपये कमाए, जो इसका अब तक का सबसे निराशाजनक कलेक्शन हैं। इसकी कुल कमाई 32.15 करोड़ रुपये हुई है।

विश्व स्तर पर फिल्म ने कुल 45.42 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है।

एक हफ्ते से भी कम वक्त में फिल्म का ऐसा प्रदर्शन निर्माताओं के लिए भी किसी बड़े झटके से कम नहीं है, जिसमें सनी, प्रीति जिंटा, अली फजल और शबाना जैसे मंझे हुए सितारे शामिल हैं।

००

 

विश्वनाथ एंड संस में भवानी श्री ने सूर्या के बारे में खुलकर की बात, कही ये बात

विश्वनाथ एंड संस में मुख्य भूमिका निभाने वाली भावना श्री ने बताया कि सूर्या के साथ काम करने का उनका अनुभव थोड़ा घबराहट भरा था, पर साथ ही बहुत प्रेरणादायक भी।

उन्होंने बताया कि मोनोलॉग से पहले वे काफी घबरा रही थीं, लेकिन सूर्या के प्रोत्साहन ने उन्हें हिम्मत दी और वे आगे बढ़ पाईं।

सूर्या ने उनसे कहा था, यह एक अच्छा किरदार है, मां। भावना श्री के लिए यह अनुभव हमेशा यादगार बन गया।

फिल्म को उसकी दमदार कहानी और पारिवारिक विषयों के चलते दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है।

फिल्म का पे राणिसिंगम से शुरुआत करने वाली भावना श्री ने अपनी अभिनय क्षमता से जल्दी ही सबका दिल जीत लिया। अब उनके पास इस साल कम से कम चार फिल्में हैं और वे नए किरदारों और जॉनर को आजमाने के लिए बेहद उत्साहित हैं।

उनका कहना है, जिस भी किरदार के लिए मुझसे संपर्क किया जाता है, मैं उसे निभाने के लिए तैयार रहती हूं।

००

 

रिया चक्रवर्ती बोलीं- देश में सबसे ज्यादा ट्रोलिंग मैंने सही है, दुनिया मुझे गद्दार मानती है

अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती इन दिनों रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स 2Ó में नजर आ रही हैं। वर्ष 2020 में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद रिया की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया था। मामले की जांच के दौरान रिया और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती को स्वापक नियंत्रण ब्यूरो ने गिरफ्तार किया था। बाद में मामले में रिया के खिलाफ आरोपों को लेकर उन्हें राहत मिली। अब शो के पांचवें एपिसोड में रिया ने बताया कि वह ‘गद्दारÓ की भूमिका क्यों नहीं निभाना चाहतीं।

शो में श्वेता तिवारी के सवाल का जवाब देते हुए रिया ने कहा कि वह गद्दार नहीं बनना चाहतीं, क्योंकि दुनिया पहले ही उन्हें गद्दार मान चुकी है। उन्होंने कहा कि यह बात उनके निजी जीवन के अनुभवों से जुड़ी है।

रिया के अनुसार, वह किसी मनोरंजन कार्यक्रम में आकर अपनी इच्छा से किसी की ‘हत्याÓ जैसी भूमिका नहीं निभाना चाहतीं, क्योंकि इससे उनके खिलाफ फिर से नकारात्मक प्रतिक्रिया शुरू हो सकती है। उन्होंने कहा कि लोग इस पर भी आपत्तिजनक मजाक और मीम बना सकते हैं।

रिया ने खुद को देश में सबसे ज्यादा निशाना बनाए जाने वाली हस्तियों में से एक बताते हुए कहा कि वह फिर से उसी तरह के दौर से नहीं गुजरना चाहतीं।

रिया ने शो के अन्य प्रतिभागियों को भरोसा दिलाने की कोशिश की कि वह गद्दार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनकी जिंदगी की कहानी भी कुछ ऐसी ही रही है कि लोगों ने उन्हें गद्दार समझा, लेकिन बाद में उन्हें निर्दोष बताया गया।

उनका यह बयान सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों और उसके बाद हुई जांच की ओर इशारा था। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने बाद में मामले में अंतिम रिपोर्ट दाखिल की थी, जिसके बाद रिया को बड़ी राहत मिली।

शो की शुरुआत में मेजबान करण जौहर ने रिया से पूछा था कि वह कार्यक्रम में बेकसूर की भूमिका निभाना चाहती हैं या गद्दार की। इसके जवाब में रिया ने कहा था कि वह बेकसूर बनना चाहती हैं।

रिया ने कहा था कि वर्षों तक उन पर संदेह किया गया, जो उनके लिए बेहद कठिन अनुभव था। उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्हें जांच से राहत मिली और लोगों को उनके पक्ष की जानकारी मिली। इसलिए वह दोबारा उस दौर से नहीं गुजरना चाहतीं।

वर्ष 2020 में सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद रिया चक्रवर्ती को जांच और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा था। उन्हें जेल भी जाना पड़ा था और सार्वजनिक स्तर पर भी उन्हें भारी आलोचना झेलनी पड़ी थी।

बाद में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो की जांच में उन्हें राहत मिली। रिया ने अपने पिछले साक्षात्कारों में बताया था कि इस पूरे घटनाक्रम का उनके जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ा। उन्होंने यह भी कहा था कि इस कठिन दौर के कारण उन्हें गंभीर मानसिक दबाव से गुजरना पड़ा।

फिलहाल रिया ‘द ट्रेटर्स 2Ó में प्रतियोगी के तौर पर अपनी भूमिका निभा रही हैं और कार्यक्रम में उनके पुराने जीवन से जुड़े अनुभव लगातार चर्चा का विषय बने हुए हैं।

००

 

रणबीर कपूर के साथ स्क्रीन साझा करेंगी दीपिका पादुकोण? अयान मुखर्जी कर रहे तैयारी

दीपिका पादुकोण इस वक्त अल्लू अर्जन की आगामी फिल्म राका में व्यस्त चल रही हैं। उधर अभिनेता रणबीर कपूर भी अपनी आगामी पौराणिक फिल्म रामायण को रिलीज करने की तैयारी में जुटे हैं। इस परियोजना के बाद, अभिनेता ब्रह्मास्त्र: भाग 2 की शूटिंग शुरू करेंगे जिसका निर्देशन अयान मुखर्जी कर रहे हैं। हालिया अपडेट है कि फिल्म में दीपिका शामिल हो सकती हैं। निर्माता फिल्म में अमृता का किरदार निभाने के लिए उनसे बातचीत कर रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, परियोजना से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि ब्रह्मास्त्र: भाग 2 के निर्माता फिल्म में दीपिका को शामिल करने का मन बना रहे हैं।

उन्होंने कहा, अयान मुखर्जी और मुख्य टीम दीपिका को इस परियोजना में शामिल करने को लेकर आश्वस्त हैं, क्योंकि वे समझते हैं कि अमृता की भूमिका के लिए एक ऐसी अभिनेत्री की जरूरत है जिसमें अपार गंभीरता हो। बातचीत जारी है, लेकिन आधिकारिक पुष्टि समय-सीमा के तालमेल पर निर्भर करेगी।

सूत्र के अनुसार, रामायण 2 की शूटिंग जनवरी, 2027 तक पूरी करने के बाद, रणबीर ब्रह्मास्त्र 2 की शूटिंग में जुट जाएंगे।

उन्होंने कहा, रणबीर इस सफर को दोबारा शुरू करने के लिए बेहद उत्साहित हैं। दोहरी भूमिका की इस बड़ी चुनौती में, रणबीर सीक्वल में देव और शिव दोनों का किरदार निभाएंगे।

बता दें, ब्रह्मास्त्र पार्ट वन: शिवा 2022 में सिनेमाघरों में रिलीज एक सुपरनैचुरल-पौराणिक फिल्म थी। इसमें रणबीर के साथ पहली बार आलिया भट्ट नजर आई थीं।

००

 

मुंह का स्वाद कड़वा क्यों हो जाता है? जानिए 5 कारण

मुंह का कड़वा स्वाद एक आम समस्या है, जिसे कई लोग अनुभव करते हैं। यह समस्या न केवल आपके स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय हो सकती है, बल्कि आपके दिन की शुरुआत और खत्म होने का मजा भी बिगाड़ सकती है। इस लेख में हम कुछ प्रमुख कारणों पर चर्चा करेंगे, जिनके कारण मुंह का स्वाद कड़वा हो सकता है, ताकि आप सही समय पर उपाय कर सकें और इस समस्या से राहत पा सकें।

कुछ दवाओं का सेवन

कुछ दवाओं का सेवन भी मुंह के कड़वे स्वाद का कारण बन सकता है, जैसे कि कुछ एंटी-एलर्जी की दवाएं या मन के तनाव को कम करने वाली दवाएं।

इन दवाओं के कारण मुंह सूख सकता है या पेट में एसिड बढ़ सकता है, जिससे कड़वाहट होती है। अगर आप नियमित रूप से कोई दवा ले रहे हों तो अपने डॉक्टर से सलाह लें और उनकी सलाह अनुसार दवा बदलवाएं या उसकी मात्रा कम करवाएं।

जीभ की सफाई का ध्यान न रखना

जीभ की सफाई का ध्यान न रखना मुंह के कड़वे स्वाद का एक बड़ा कारण हो सकता है। अक्सर लोग ब्रश करते समय जीभ को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे बैक्टीरिया और गंदगी जमा हो जाती है।

इससे मुंह में कड़वाहट महसूस हो सकती है। इसलिए रोजाना ब्रश करते समय जीभ को भी साफ करें। इसके लिए आप नरम ब्रश का उपयोग कर सकते हैं और हल्के हाथों से जीभ को साफ करें।

दांतों की समस्याएं

दांतों की समस्याएं जैसे कि दांतों में कीड़े लगना, मसूड़ों की सूजन या दांतों में दर्द भी मुंह के कड़वे स्वाद का कारण बन सकती हैं।

इन समस्याओं के कारण बैक्टीरिया पनपते हैं, जो कड़वाहट पैदा करते हैं। इसलिए नियमित रूप से दंत चिकित्सक से जांच करवाना जरूरी है ताकि इन समस्याओं का समय रहते पता चल सके और उनका इलाज हो सके।

इसके अलावा दांतों की सफाई पर भी विशेष ध्यान दें।

पाचन तंत्र की खराब स्थिति

पाचन तंत्र की खराब स्थिति भी मुंह के कड़वे स्वाद का एक अहम कारण हो सकती है। जब पाचन तंत्र सही तरीके से काम नहीं करता तो पेट में एसिड बढ़ने लगता, जो कड़वाहट पैदा करता है।

इसके अलावा खट्टी-मीठी चीजों का सेवन भी इस समस्या को बढ़ा सकता है। इसलिए पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने के लिए संतुलित आहार लें और नियमित रूप से पानी पिएं। साथ ही ताजे फलों और सब्जियों का सेवन करें।

धूम्रपान और शराब का सेवन

धूम्रपान और शराब का सेवन न केवल आपकी सेहत के लिए हानिकारक होता है बल्कि ये मुंह में भी कड़वाहट पैदा कर सकता है।

तंबाकू और शराब के कारण मुंह में सूखापन आता है, जिससे बैक्टीरिया पनपते हैं और कड़वाहट महसूस होती है। इसलिए इन आदतों को छोड़ना जरूरी है ताकि आपके मुंह की स्थिति बेहतर हो सके और आप स्वस्थ रह सकें।

इसके अलावा धूम्रपान और शराब का सेवन कम करने के लिए चिकित्सा सहायता लें।

००

 

इन 5 ब्यूटी सीक्रेट्स को आजमाएं, महंगा दिखेगा आपका लुक

महंगा दिखना हर किसी की ख्वाहिश होती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आप हर बार महंगे कपड़े या गहने पहनें। कुछ छोटे-छोटे ब्यूटी सीक्रेट्स और स्मार्ट टिप्स से आप बिना ज्यादा खर्च किए भी महंगी और आकर्षक दिख सकती हैं। इस लेख में हम आपको ऐसे ही 5 आसान और प्रभावी ब्यूटी सीक्रेट्स बताएंगे, जिन्हें अपनाकर आप बिना किसी झंझट के हर मौके पर सबसे खूबसूरत दिखेंगी।

सही मेकअप चुनें

सही मेकअप का चुनाव आपके पूरे लुक को बदल सकता है। अगर आप चाहती हैं कि आपका चेहरा महंगा दिखे तो हल्का और प्राकृतिक मेकअप चुनें।

फाउंडेशन हमेशा आपकी त्वचा के रंग से मेल खानी चाहिए ताकि चेहरे पर कोई अंतर न दिखे।

लिपस्टिक का चुनाव भी सोच-समझकर करें। गहरे रंग की लिपस्टिक हमेशा महंगे और आकर्षक दिखती हैं।

इसके अलावा आंखों के लिए हल्का काजल और मस्कारा लगाएं ताकि आंखें बड़ी और खूबसूरत लगें।

बालों की देखभाल करें

सुंदर और चमकदार बाल हमेशा महंगी दिखाते हैं। इसके लिए नियमित तौर पर तेल की मालिश करें और हफ्ते में कम से कम दो बार बाल धोएं।

बालों के लिए मास्क भी बहुत जरूरी है क्योंकि यह आपके बालों को पोषण देता है और उन्हें मुलायम बनाता है।

इसके अलावा बालों को धूप से बचाने के लिए स्कार्फ या टोपी पहनें। यह न केवल आपके बालों को सुरक्षित रखेगा, बल्कि आपको स्टाइलिश भी दिखाएगा।

खुशबू का सही चयन करें

खुशबू भी आपके लुक को खास बना सकती है। एक अच्छी खुशबू आपके आत्मविश्वास को बढ़ाती है और आपको पूरे दिन ताजगी का एहसास दिलाती है।

अपने शरीर की गंध को छिपाने के लिए खुशबू का इस्तेमाल करें, जिससे आप हमेशा महकती रहें।

इसके अलावा खुशबू का सही चयन भी जरूरी है। हल्की और ताजगी भरी खुशबू का इस्तेमाल करें जो आपको दिनभर ताजगी दें और आपके व्यक्तित्व को निखारें।

सही कपड़ों का चयन करें

कपड़े चुनते समय उनकी फिटिंग पर ध्यान दें। अच्छे फिटिंग वाले कपड़े हमेशा महंगे और आकर्षक दिखते हैं। ढीले-ढाले कपड़े न पहनें क्योंकि वे आपको साधारण दिखा सकते हैं।

इसके अलावा कपड़ों का रंग भी अहम होता है। गहरे रंग जैसे काला, नीला या लाल हमेशा महंगे दिखते हैं।

इसके साथ ही सरल डिज़ाइन वाले कपड़े ज्यादा अच्छे लगते हैं क्योंकि वे आपके व्यक्तित्व को निखारते हैं और आपको अधिक आकर्षक बनाते हैं।

एक्सेसरीज का सही उपयोग करें

एक्सेसरीज आपके लुक को पूरा करने में अहम भूमिका निभाती हैं। सोने या चांदी की नहीं बल्कि सरल लेकिन स्टाइलिश एक्सेसरीज चुनें जैसे मोती का हार या चांदी का कंगन जो आपको महंगा दिखाएं बिना किसी बोझिलता के।

इन सरल टिप्स को अपनाकर आप न केवल हर मौके पर सबसे खूबसूरत दिखेंगी बल्कि आपका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा और लोग आपकी तारीफ करते रहेंगे। याद रखें, सच्ची सुंदरता आत्मविश्वास में छिपी होती है!

००

 

(21कैप्शन01)आज का वर्ग पहेली।

 

(21कैप्शन02)आज का सोडूकू। ं

 

(21कैप्शन03)रिया चक्रवर्ती बोलीं- देश में सबसे ज्यादा ट्रोलिंग मैंने सही है, दुनिया मुझे गद्दार मानती है।

 

(21कैप्शन04)रणबीर कपूर के साथ स्क्रीन साझा करेंगी दीपिका पादुकोण? अयान मुखर्जी कर रहे तैयारी।

 

 

(21कैप्शन05)मुंह का स्वाद कड़वा क्यों हो जाता है? जानिए 5 कारण।

 

(21कैप्शन06)इन 5 ब्यूटी सीक्रेट्स को आजमाएं, महंगा दिखेगा आपका लुक।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *