40 वर्षों की परंपरा के साथ निकली बोल बम काँवरिया संघ की भव्य शोभायात्रा, बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए श्रद्धालु

40 वर्षों की परंपरा के साथ निकली बोल बम काँवरिया संघ की भव्य शोभायात्रा, बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए श्रद्धालु

जौनपुर,07 अगस्त। यूपी के जौनपुर में श्रावण मास के पावन अवसर पर नगर की प्राचीनतम बोल बम काँवरिया संघ द्वारा शुक्रवार को भगवान शिव की भव्य कांवड़ शोभायात्रा पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। बीते 40 वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के तहत सैकड़ों श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए रवाना हुए।
शोभायात्रा का शुभारंभ हनुमान घाट स्थित चौरा माता मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हुआ। संघ के संरक्षक संतोष सेठ एवं महासचिव विमल सिंह ने नारियल फोड़कर यात्रा का शुभारंभ कराया, जबकि चेयरमैन प्रतिनिधि रामसूरत मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर जत्थे को रवाना किया।
हाथी, घोड़े, डीजे, भगवान शिव की आकर्षक झांकियों तथा द्वादश ज्योतिर्लिंग की मनमोहक प्रस्तुति ने शोभायात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया। नगर के विभिन्न क्षेत्रों से आई धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं और आमजन के आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा सद्भावना पुल, कजगांव पड़ाव, ओलंदगंज, शाही पुल, चहारसू चौराहा, कोतवाली, सब्जी मंडी और सुतहट्टी बाजार होते हुए भंडारी रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां से कांवरिये फरक्का एक्सप्रेस से बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए। सुल्तानगंज पहुंचकर श्रद्धालु गंगाजल भरेंगे और वहां से पैदल यात्रा करते हुए बाबा धाम पहुंचकर जलाभिषेक करेंगे।
मार्ग में जगह-जगह महिलाओं ने श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया।
संघ के अध्यक्ष सुधीर साहू ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का सबसे पवित्र समय है। भगवान शिव जनकल्याण के देवता हैं और उनके पूजन से समाज एवं राष्ट्र का कल्याण होता है। उन्होंने बताया कि संघ पिछले 40 वर्षों से लगातार बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा कर जलाभिषेक की परंपरा का निर्वहन कर रहा है।
महासचिव विमल सिंह ने सभी श्रद्धालुओं, समाजसेवी संस्थाओं, पुलिस प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। शोभायात्रा में संघ के संरक्षक अशोक सेठ, अजय साहू, गौतम सोनी, श्रवण कुमार चौरसिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शिवभक्त शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *